अंबाला पासपोर्ट ऑफिस आए राम रहीम, बोले- जल्द आएगी MSG-3

10/2/2015 12:39:26 PM

अम्बाला शहर (आशीष): डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के अनुयायियों के लिए गत वीरवार की सुबह बेहद सुखद और भावपूर्ण थी क्योंकि गुरमीत राम रहीम उनके सामने थे और आशीर्वाद दे रहे थे। संत के स्वागत के लिए सैंकड़ों भक्तों का तांता लगा हुआ था। भीड़ में कोई अप्रिय घटना न घटे इसके लिए कड़ी सुरक्षा का इंतजाम था। संत पासपोर्ट आफिस में अपने निजी कार्य से आए थे और कुछ समय भक्तों से रू-ब-रू होने के बाद करनाल को रवाना हो गए।

पासपोर्ट ऑफिस में अपना काम निपटाने के बाद उन्होंने साध-संगत को दर्शन दिए, साथ ही मीडिया को उनके सवालों का जवाब दिया। संत ने मीडिया को बताया कि एम.एस.जी-3 जल्द ही आ रही है। उन्होंने बताया एम.एस.जी.-2 के बारे मे बताया कि फिल्म आदिवासियों के जीवन पर आधारित है। जो कि आम लोगों को यह शिक्षा देती है कि वे लोग आदिवासी होकर नशा आदि बुराइयों को छोड़ सकते हैं तो आप लोग क्यों नहीं ऐसा कर सकते हैं।

गुरुजी ने एम.एस.जी.-2 के बारे में कहा कि इस फिल्म के लिए भी दर्शकों में बहुत उत्साह है। लोग बड़े ही चाव के साथ देख रहे हैं, अभी तक सभी जगह सारे शो हाऊस फुल जा रहे हैं। इसके बाद संत जी सारी साध-संगत को अपना पावन आशीर्वाद देते हुए करनाल की तरफ रवाना हो गए। उनके चारों तरफ सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। सुरक्षा में कोई चूक न रह जाए इसके लिए अम्बाला से शाहाबाद तक डेरा सच्चा सौदा सिरसा सेवादारों की मानव चेन बनी हुई थी ताकि कोई भी अप्रिय घटना न घट जाए।