लोकसभा 2019 :  हरियाणा के लोकसभा क्षेत्रों में योग्य उम्मीदवारों का आंकलन कर रहे अनिल जैन

9/25/2018 11:27:53 AM

चंडीगढ़(धरणी): भाजपा हरियाणा के प्रभारी अनिल जैन आजकल लोकसभा मिशन 2019 के तहत हरियाणा में विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों में जाकर वहां का तापमान भांपते नजर आ आ रहें हैं व साथ ही लोकसभा के लिए योग्य उम्मीदवारों का भी आंकलन किया जा रहा है। हाल ही में थापली (मोरनी)में हुए शिविर में भी भाजपा प्रांतीय संगठन में इसकी चर्चा हुई कि योग्य उम्मीदवारों को परखा जाए। भाजपा सांसद राजकुमार सैनी अपनी अलग पार्टी बना चुके हैं। भिवानी-महेंद्रगढ़ से सांसद धर्मवीर विधानसभा की टिकट पर चुनाव लडऩे की इच्छा जाहिर कर चुके हैं। 

सोनीपत से सांसद रमेश कौशिक की रुचि भी विधानसभा की तरफ ज्यादा नजर आ रही है। भाजपा के 7 सांसदों में से 3 सांसद मैदान छोड़ चुकें हैं। चर्चा है  कि भाजपा आगामी लोकसभा व विधानसभा चुनावों में मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर के साथ तालमेल रख कर चलने वाले लोकसभा व विधानसभा उम्मीदवारों को उतारने के मूड में है। 

कयास लगाए जा रहे हैं कि  भाजपा 7 में से 5 सांसदों के चेहरों को बदलने के मूड में है। हाल ही में भारतीय जनता पार्टी की हरियाणा इकाई के लिए लोकसभा प्रभारी, जिला प्रभारी एवं 3 नए प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजकों की घोषणा की गई। इसी प्रकार, प्रदेश के सभी 22 जिलों के लिए जिला प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं। अगर सूत्रों की मानें तो केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत की कार्यप्रणाली व मुख्यमंत्री पर दिए जा रहे बयानों को भी पार्टी आंकलित कर रही है। ऐसी स्थिति में राम बिलास शर्मा को भी आजमाया जा सकता है। 
 

Rakhi Yadav