छावनी विधानसभा क्षेत्र के लिए उपलब्धियों भरा रहा है वर्ष 2017 : विज

12/30/2017 2:11:22 PM

अम्बाला छावनी(ब्यूरो):स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के प्रयासों से वर्ष 2017 के दौरान छावनी विधानसभा क्षेत्र में विकास की कई परियोजनाएं पूरी हुईं और कई परियोजनाओं को स्वीकृति भी मिली है। 50 करोड़ रुपए की लागत से सिविल अस्पताल भवन का निर्माण कार्य हुआ पूरास्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बताया कि इस वर्ष के दौरान छावनी में 50 करोड़ रुपए की लागत से बनाए जा रहे सिविल अस्पताल भवन का निर्माण कार्य पूरा हुआ है। 

इसके अलावा इस भवन में गरीब व आम लोगों को हृदय संबंधी बीमारियों की सस्ती चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए कैथ लैब की स्थापना भी की गई है। इस अस्पताल में डायलिसिस की सुविधा भी इस क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है और मामूली दरों पर आम लोगों को यह सुविधा उपलब्ध हो रही है। केंद्र सरकार द्वारा सिविल अस्पताल अम्बाला छावनी परिसर में ही 40 करोड़ की लागत से स्थापित होने वाली रिजनल कैंसर ट्रसरी सैंटर की परियोजना को भी मंजूरी दी गई है और शीघ्र ही इसका कार्य आरंभ होगा।

22 एकड़ भूमि में बनेगा शहीदी स्मारक 
इसके अलावा 1857 की क्रांति के शहीदों की याद में स्थापित किए जाने वाले शहीदी स्मारक के लिए भी नगर निगम द्वारा 22 एकड़ भूमि सूचनाएं जन सम्पर्क एवं भाषा विभाग को उपलब्ध करवाई जा चुकी है। इस परियोजना के डिजाइन को अंतिम रूप दिया जा चुका है और जल्द ही इस पर कार्य आरंभ होगा। बीते वर्ष के दौरान 32 एकड़ क्षेत्र में लगभग 28 करोड़ की लागत से नई अनाज मंडी का निर्माण किया गया है।

स्टेडियम का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी
खेलों के क्षेत्र में छावनी के वार हीरोज मैमोरियल स्टेडियम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 23 मार्च 2017 को 48.57 करोड़ की लागत से बनने वाले अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खेल स्टेडियम की आधारशिला रखी थी। इस स्टेडियम का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है जिसमें विशेषतौर पर फुटबाल का पोलीट्रफ  और सिंथैटिक एथलैटिक्स ट्रैक भी स्थापित होगा। इसी स्टेडियम के सामने राष्ट्रीय व अन्य बड़ी प्रतियोगिताओं के प्रतिभागी खिलाडिय़ों के ठहरने के लिए भी सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त खेल होस्टल को स्वीकृति मिली है। इसका कार्य भी जल्द शुरू होने जा रहा है। सुभाष पार्क छावनी के नजदीक 4 करोड़ रुपए की लागत से बनाए जा रहे अंतर्राष्ट्रीय मानदंडों के बैडमिंटन हाल का निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में है।

रिजनल साइंस सब-सैंटर व म्यूजियम का निर्माण कार्य आरंभ
अम्बाला व आस-पास के क्षेत्र के बच्चों के वैज्ञानिक दृष्टिकोण को विकसित करने तथा आम लोगों के मनोरंजन का केंद्र बनने वाले रिजनल साइंस सब-सैंटर व म्यूजियम का निर्माण कार्य आरंभ हो चुका है। लगभग 5 एकड़ क्षेत्र में सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सहयोग से लोक निर्माण विभाग द्वारा तैयार की जा रही इस परियोजना पर 22 करोड़ की लागत आएगी। हरियाणा में स्थापित होने वाली यह अपने प्रकार की विशेष परियोजना है।

पेयजल और सीवरेज की सुविधा के लिए 130 करोड़ की राशि करवाई स्वीकृत
मंत्री विज ने बताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से न.नि. अम्बाला सदर क्षेत्र के हर घर तक नहरी पेयजल और सीवरेज की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए भी 130 करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत करवाई गई है। इन कार्यों के अलावा लोगों की दिन-प्रतिदिन की सुविधाओं में विस्तार के लिए भी कई परियोजनाएं पूरी की गई हैं और कइयों के लिए राशि स्वीकृत करवाई गई है। वर्ष 2017 छावनी विधानसभा क्षेत्र के लिए उपलब्धियों भरा रहा है।