सो रहे दम्पत्ति पर गिरा पंखा, करंट लगने से मौत
6/14/2018 2:43:30 PM
नारायणगढ़(धर्मवीर): गांव फतेहगढ़ में करंट लगने से दम्पति की मौत हो गई। दर्दनाक हादसा बीती रात उस वक्त घटित हुआ, जब दोनों नींद की आगोश में थे। अचानक बेरहम मौत ने आकर उन्हें अपनी जकड़ में ले लिया और दोनों कभी न खुलने वाली नींद सो गए। जानकारी के मुताबिक धर्म सिंह (33) व उसकी पत्नी सीमा (30) रात के समय फर्राटा लगाकर सो रहे थे।
किसी तरह पंखे का संतुलन बिगड़ गया और वह सोते हुए दम्पति के बैड पर गिरकर उनसे टकरा गया। इसी दौरान पंखे में आ रहे करंट ने दोनों को जकड़ लिया। सुबह परिजनों ने दोनों की बेसुध हालत देखी तो दोनों को अम्बाला शहर अस्पताल में ले गए जहां डाक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। युवा दम्पति की अचानक इस तरह मौत से परिजन सदमे में हैं। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए।