बीजेपी महिला मोर्चा अध्यक्ष ने रेप पर दिया विवादित बयान

7/22/2016 6:27:13 PM

अंबाला(कमलप्रीत): बीजेपी के विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों की वजह से पार्टी की इन दिनों जमकर फजीहत हो रही है। किसानो को आलसी बताने वाले किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष समय सिंह भाटी का विवाद अभी शांत भी नहीं हुआ था कि बीजेपी की महिला मोर्चे की प्रदेश अध्यक्ष निर्मल बेरागी ने एक बड़ा विवादित बयान दे दिया।

 

दरअसल, प्रदेश में बढ़ रहे रेप के मामलों को लेकर उनसे सवाल किया गया था, लेकिन अध्यक्षा जी ने सरकार की तरफ से मजबूत सफाई देने की बजाए उलटी ही गंगा बहा दी। बेरागी ने कहा कि ‘जब से संसार की रचना हुई है तब से रेप होते ही आए हैं हर काल में हर खंड में'  उन्होंने कहा कि इसीलिए सरकार अपना काम कर रही है, लेकिन आरोपियों को पकड़ने में समय भी जरूर लगता है। 

 

गौरतलब है कि बीजेपी ने कुछ समय पहले ही बेरागी को महिला मोर्चे की कमान दी थी, लेकिन ऐसे विवादित बयान देकर उन्होंने पार्टी के लिए ही मुश्किलें खड़ी कर दी हैं।ऐसे में देखना ये होगा कि फजीहत से बचने के लिए पार्टी उन पर क्या कार्रवाई करती है?