प्रदेश को बनाएंगे आयुर्वेद और योग की राजधानी: विज

9/19/2016 10:44:19 AM

चंडीगढ़: हरियाणा के स्वास्थ्य, खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा को आयुर्वेद और योगा की राजधानी के रूप में विकसित किया जाएगा। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए हरियाणा सरकार ने कुरुक्षेत्र में आयुष विश्वविद्यालय की स्थापना का प्रस्ताव पहले ही पास कर दिया है। आज अंबाला छावनी में आयुष विभाग द्वारा स्थापित पंचकर्मा केंद्र का उद्घाटन करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। 


उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वस्थ रखने के लिए प्रदेश के सभी 6500 गांवों में योग और व्यायामशालाएं स्थापित की जा रही हैं और इस वर्ष 850 योगशालाएं बनकर तैयार हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए योग प्रशिक्षकों की भर्ती भी की जा रही है। इसके अलावा प्रत्येक जिला में 1-1 पंचकर्मा केंद्र भी स्थापित किया जा रहा है।  मंत्री अनिल विज ने राज्य के नागरिकों से अनुरोध किया कि वे प्रत्येक रविवार को ड्राई-डे के रूप में मनाते हुए अपने घरों के कूलर, पानी की टंकियों, पानी के बर्तनों इत्यादि को खाली करने और सुखाने का संकल्प लें। उन्होंने अनुरोध किया कि घर-घर जाकर लोगों को डेंगू से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करें।