डेरा सच्चा सौदा को 50 लाख रुपए की ग्रांट देकर विवादों में फंसे खेल मंत्री

8/29/2016 2:05:16 PM

चंडीगढ़: हरियाणा के खेल मंत्री अनिल विज डेरा सच्चा सौदा की ओर से आयोजित निजी खेल आयोजन में खेलों के लिए 50 लाख रुपए देने की घोषणा से विवादों में घिर गए हैं। अनिल विज डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के निमंत्रण पर तिरंगा रुमाल छू प्रतियोगिता देखने के लिए सिरसा गए थे। वहां उन्होंने स्वैच्छिक कोटे से 50 लाख रुपये देने की घोषणा कर दी। अनिल विज द्वारा डेरे की खेल गतिविधियों को लाखों रुपए देने की घोषणा पर सोशल मीडिया अौर राजनीतिक गलियारों पर अलग-अलग ढंग से चर्चा हो रही है।

 

सुरजेवाला ने डेरा को लाख रुपए देने पर जताई प्रतिक्रिया 

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने डेरा सच्चा सौदा को 50 लाख रुपए दान देने की कल की गई घोषणा पर प्रतिक्रिया जताते हुए कहा कि खेलों को प्रोत्साहन अच्छी बात है, पर विज ने यह पैसा किस मकसद से और क्यों दिया, इसकी मुझे जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि अनिल विज एक जिम्मेदार राजनीतिज्ञ एवं संवैधानिक पद पर हैं। उन्हें अपने व्यवहार के बारे में एक निर्णय करना चाहिए। यदि वह कोई निर्णय नहीं करते तो हरियाणा के लोगों को कार्य करना होगा। 

 

विज ने सुरजेवाला की प्रतिक्रिया पर दिया करारा जवाब

सुरजेवाला की प्रतिक्रिया पर अनिल विज ने कहा कि डेरा सच्चा सौदा ने लंबे समय से खेल और शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भाजपा सरकार भी खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने में लगी है। सरकार प्रत्येक जिले में 20-20 खेल अकादमी बनाने जा रही है। उन्होंने खेल को बढ़ावा देने के लिए डेरे द्वारा चलाए जा रहे संस्थानों को 50 लाख रुपए दिए।

 

पैसे देने के मामले पर बेवजह दिया जा रहा है तूल-राम रहीम

विज पर उठ रहे विवादों पर डेरा सच्चा सौदा प्रमुख संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिह इंसां ने कहा कि पैसे देने के मामले को बेवजह तूल दिया जा रहा है यह राशि खेल गांव पर खर्च की जाएगी न की डेरा सच्चा सौदा के शिक्षण संस्थानों पर।

 

इसके साथ ही डेरा सच्चा सौदा के प्रवक्ता आदित्य इंसां ने एक प्रेसवार्ता में कहा कि अनिल विज ने 50 लाख की अनुदान राशि शाह सतनाम शिक्षण संस्थान को खेलों को बढ़ावा देने के लिए दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह पैसा डेरा, तिरंगा रुमाल छू या सभी व्यापारिक कंपनी को नहीं दिया जा रहा है। इन शिक्षण संस्थानों ने पिछले कुछ वर्षों में कई खिलाड़ियों को तैयार किया है।  

 

केंद्रीय खेल मंत्री विजय गोयल ने किया खिलाड़ियों को पुरस्कृत

रविवार रात्रि को डेरा सच्चा सौदा में आयोजित 7 दिवसीय रूमाल छू प्रतियोगिता का समापन हो गया। फाइनल मुकाबला दिल्ली व एम.एस.जी. तूफानी टीम के मध्य खेला गया। इस प्रतियोगिता पर केंद्रीय खेल मंत्री विजय गोयल अौर हरियाणा के सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर पहुंचे। केंद्रीय मंत्री गोयल ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार दिए अौर मनीष ग्रोवर ने सिरसा के डेरा सच्चा सौदा में बेहतरीन स्तर का खेल गांव स्थापित करने के लिए 11 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि खेल गांव को बेहतर बनाने के लिए सरकार पूरी सहायता करेगी।