राहुल गांधी के बयान के बाद अनिल विज कांग्रेस पर जमकर बरसे

7/20/2016 12:15:02 PM

अंबाला (कमलप्रीत): राहुल गांधी के बयान के बाद शुरु हुई सियासत की गहमा-गहमी अब हरियाणा तक पहुंचती दिखाई देने लगी है। जिसके बाद राहुल गांधी के बयान पर प्रदेश भर में भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर हल्ला बोलना शुरू कर दिया है। 

 

शुरुआत से ही कांग्रेस को आड़े हाथों लेने वाले सूबे के कैबिनेट मंत्री अनिल विज आज भी कांग्रेस पर जमकर बरसे। कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए विज ने कहा कि कांग्रेस का शुरुआत से एक ही एजेंडा रहा है कि देश में किसी भी तरह से अफरा-तफरी के हालात पैदा किए जाएं।

 

विज की मानें तो किसी भी बड़ी से बड़ी अदालत में यह नहीं माना था कि गांधी की हत्या आर.एस.एस. ने की थी, लेकिन आज कांग्रेसी ऐसी बातें कर लोगों में नफरत पैदा करना चाहते हैं। कांग्रेस पर बरस रहे विज यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मकसद अशांति फैलाए रखना है।

 

कांग्रेस पर हल्ला बोलते हुए विज ने कांग्रेस को लोगों को आपस में लड़वाने वाली पार्टी करार दिया। अनिल विज ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस ने ही 1947 और 1984 में लोगों को लड़वाया था और लोगों को लड़वाने में कांग्रेस की विशेषता है।