झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से महिला की कटी बाजू

5/4/2016 3:08:53 PM

नारायणगढ़: झोलाछाप डॉक्टर के कारण 30 वर्षीय महिला की बाजू कट गई। गांव बधोली की रजनी ने पुलिस में शिकायत देकर आरोप लगाया कि 28 अप्रैल की शाम उसके पेट में दर्द हुआ तो गांव में डॉक्टरी का काम करने वाले को बुलाया गया। डॉक्टर ने उसकी बाजू पर इंजैक्शन लगाया। इंजैक्शन लगाते ही बाजू में दर्द होने लगा तो  डॉक्टर ने कहा कि थोड़ी देर दर्द रहेगा, फिर ठीक हो जाएगा।

जब दर्द बंद नहीं हुआ तो उसी डॉक्टर के पास ले गए, जहां उसने फिर इंजैक्शन लगाया। तब भी दर्द नहीं बन्द हुआ तो परिजन अम्बाला निजी अस्पताल में ले गए जहां पर कुछ दिन वहां रही। जब वहां पर ठीक नहीं हुई तो पी.जी.आई चंडीगढ़ ले जाया गया, वहां के डॉक्टरों  ने बताया कि बाजू की सारी नसें ब्लॉक हो गई हैं और सैफ्टिक फैल गया है। अगर इस बाजू को न काटा गया तो यह सारे शरीर में फैल जाएगा और उसके बाद बचना मुश्किल होगा। इस पर डॉक्टरों ने काट दी।

रजनी के अनुसार पुलिस में सोमवार को शिकायत दी थी लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस जांच अधिकारी बलजीत के अनुसार गांव बधोली की रजनी की शिकायत आई थी। अभी कार्रवाई चल रही है और आरोपी की तलाश की जा रही है।