विवाहिता की मौत, पति, सास व देवर पर केस दर्ज

5/22/2019 8:44:48 AM

अम्बाला शहर(मुकेश): नाहन हाऊस खटीक मोहल्ला में पानीपत मतलौडा निवासी सोनू उर्फ सोनल (28) की मौत के मामले में पुलिस ने पति अरुण, देवर राहुल व सास राजरानी उर्फ नाजो के खिलाफ केस दर्ज किया है। मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुरालिए उनकी बेटी को अधिक दहेज लाने के लिए प्रताडि़त करते थे। मृतका के भाई राहुल के मुताबिक 5 फरवरी 2018 को उसकी बहन सोनू उर्फ सोनल की शादी अरुण निवासी खटीक मोहल्ला नाहन हाऊस के साथ हुई थी।

उसकी शादी में माता-पिता ने अपनी हैसियत से ज्यादा खर्च किया व दान दहेज दिया था। फिर भी उसके ससुराल वाले खुश नहीं थे और अक्सर उसकी बहन को दहेज लाने के लिए तंग करते थे। शादी के करीब एक महीने के बाद ही उसकी बहन की सास राज रानी उर्फ नाजो, पति अरुण व देवर राहुल मेरी बहन को दहेज लाने के लिये तंग व परेशान करने लगे थे। ये सभी बातें उसकी बहन ने कई बार उन्हें बताई।

राहुल का आरोप है कि उसकी बहन को इतना तंग किया गया कि वह बीमार पड़ गई। ससुराल वालों ने उसकी कोई देखभाल नहीं की तो वह उसे इलाज के लिए अपने घर मतलौडा ले आए। जब वह ठीक हुई तो ससुराल वाले पंचायत के बाद अपने साथ अम्बाला ले आए। उसके बाद भी ससुराल वालों ने उसकी बहन की कोई देखभाल नहीं की और वह फिर से बीमार हो गई। उस दौरान उसकी बहन ने बताया कि एक दिन उसके पति ने मुंह पर तकिया रखकर उसे मारने की कोशिश की, इस बारे उन्होंने अरुण से पूछा तो उसने कहा कि मैं तो मजाक कर रहा था।

बीमार होने के बाद वह बहन को दोबारा मायके ले आए। करीब 6 महीने वह उनके पास रही और उसका इलाज चला। फिर ससुराल वाले 15 फरवरी 2019 को पंचायत के बाद उसे अपने घर अम्बाला ले आए। अगले दिन 16 फरवरी 2019 को उसके पिता की मौत हो गई। इसके बाद भी ससुरालियों द्वारा दहेज के लिए उत्पीडऩ कम नहीं हुआ। उसकी बहन ने मेरी माता को फोन करके बताया कि ससुराल वाले उसे दहेज के लिए ज्यादा तंग करने लगे हैं और तलाक देने व जान से मारने की धमकियां देने लगे हैं। गत दिवस उन्हें सूचना मिली कि उसकी बहन ने अपने ससुराल में घर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।

kamal