राहुल की तुलना में मोदी बेहतर प्रधानमंत्री : सैनी (Video)

12/18/2018 9:34:38 AM

अम्बाला : भाजपा के बागी सांसद व हरियाणा लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के संरक्षक राजकुमार सैनी ने साफतौर पर कहा कि उन्होंने भाजपा छोड़ दी है, लेकिन नरेंद्र मोदी की उन्होंने तारीफ भी की। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को राहुल से बेहतर प्रधानमंत्री बताया। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि सभी जातियों के लिए उनकी आबादी के आधार पर 100 प्रतिशत आरक्षण लागू किया जाए। देश व प्रदेश के कई विवादित मुद्दों पर उन्होंने सोमवार को अम्बाला छावनी के पंजाब केसरी कार्यालय में हमारे प्रतिनिधि रीटा शर्मा व सुमन भटनागर से दो टूक बातचीत की। उनसे हुई बातचीत के अंश प्रस्तुत हैं-

क्या भाजपा से आपकी दोस्ती अभी भी कायम है? 
मैंने 4 साल पहले भाजपा छोड़ दी थी लेकिन भाजपा ने मेरे लिए दरवाजे अभी भी बंद नहीं किए हैं। भाजपा के रजिस्टर से मेरा नाम काटना पार्टी की जिम्मेदारी है, मेरी नहीं। मैंने पांचों नगर निगम में मेयर पद के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों के खिलाफ अपने उम्मीदवार उतारे हैं। 

आरक्षण को लेकर आपकी क्या राय है?
राजनीतिक दल अपने-अपने तरीके से आरक्षण का फायदा उठाते रहे हैं। हरियाणा में तो 10 प्रतिशत लोग 90 प्रतिशत पर हावी होते रहे हैं। आरक्षण मुद्दा खत्म हो सकता है, यदि विभिन्न जातियों की जनसंख्या के आधार पर 100 प्रतिशत आरक्षण लागू कर 
दिया जाएं।

 5  जिलों नगर निगमों के चुनाव में आपकी पार्टी कहां खड़ी है? 
हमारी पार्टी मुद्दों की राजनीति करती है। हरियाणा के 5 नगर निगमों में मेयर व पार्षदों के चुनाव में कुछ विरोधी दल आपस में एक-दूसरे का समर्थन कर रहे हैं जबकि उनकी पार्टी अपने सिद्धांतों व अपने बलबूतों पर चुनावी मैदान में उतरी है। हमारा मकसद भाजपा को हराना नहीं बल्कि हरियाणा में अपनी पार्टी की पहचान को मजबूत करना है। इस चुनाव में हमारे प्रत्याशी कामयाब होंगे।
ल आज सभी दलों ने अपने मुख्य एजैंडे में किसानों की कर्ज माफी को प्राथमिकता दी है। 

आपकी पार्टी का क्या स्टैंड होगा?
किसान देश का अन्नदाता है। कांग्रेस और भाजपा ने किसानों के दर्द को नहीं समझा, जिसके चलते देश में बड़ी तादाद में किसानों ने आत्महत्या की। मैं भी चाहता हूं कि किसानों को राहत मिलनी चाहिए। मेरी राय है कि एक बार किसान का कर्जा माफ होना चाहिए ताकि वे विकास की मुख्य धारा में शामिल हो सकें।

 आप राज्यसभा को खत्म करने के पक्ष में हैं, आपके पास सांसद नहीं हैं, आप अपने इस मिशन में कैसे कामयाब होंगे?
इसके लिए पूरे देश में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। राज्यसभा देश पर एक बहुत बड़ा बोझ है। देश के विकास में इसकी कोई भूमिका नहीं है। यह चोर दरवाजा है जिसे अब सील कर देना चाहिए। 

 आप विधायक का चुनाव लड़ेंगे या सांसद का?
मैं विधायक और सांसद दोनों का चुनाव लड़ सकता हूं। मुझे कई जगहों से पार्टी के नेताओं के ऑफर आए हैं लेकिन इस मामले में अंतिम फैसला पार्टी ने 
करना है।

 गांधी परिवार के बारे में आपकी क्या राय है?
गांधी परिवार ने देश को तबाह किया है। मैं कभी भी कांग्रेस का समर्थन नहीं करूंगा, चाहे मुझे इसके लिए राजनीति क्यों न छोडऩी पड़े। कांग्रेस ने देश में करीब 60 साल तक शासन किया, लेकिन वह लोगों को बिजली, पानी व सड़क तक उपलब्ध नहीं करवा पाई, उसका इतिहास घोटालों से भरा पड़ा है। 2019 में कांग्रेस का कोई भविष्य नहीं है। 

 आपको जाटों से दिक्कत है या जाट आरक्षण से। आपने लंबे अरसे से इस मुद्दे पर मोर्चा क्यों खोला हुआ है?
मैं किसी आरक्षण के खिलाफ नहीं हूं। यदि जाट समाज को आरक्षण देना है तो सभी वर्गों को आरक्षण देना चाहिए। यदि सड़क पर बैठकर कानून अपने हाथ में लेने वाले लोगों को आरक्षण मिलता है तो अन्य भी यही रास्ता अपनाएंगे। हरियाणा में पिछड़ा वर्ग की तादात 52 प्रतिशत ही है लेकिन उन्हें 12 प्रतिशत ही आरक्षण ही मिला है जिसको लेकर हमारा संघर्ष जारी रहेगा।

 बेरोजगारी समस्या का हल कैसे निकलेगा?
हरियाणा में बेरोजगारों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। हमारी पार्टी हर परिवार से एक व्यक्ति को रोजगार देने का रोड मेट तैयार करेगी। मनरेगा के तहत गांव में जरूरतमंदों को 300 दिन का रोजगार दिया जाएगा। गांवों में लघु उद्योगों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को स्वर रोजगार मिल सके।

 आप अभी भी भाजपा के सांसद हैं। भाजपा ने चुनावी घोषणा पत्र में राम मंदिर बनाने का वायदा किया था। आप क्या इसके पक्ष में हैं?
मैं मंदिर और मस्जिद के विवाद में नहीं पड़ता, मैं इंसानियत में विश्वास करता हूं। यह मामला सुप्रीम कोर्ट में है, हमें इंतजार करना चाहिए।

 चुनाव में आपके क्या बड़े मुद्दे होंगे?
हमारी पार्टी मुख्य रूप से 4 मुद्दों को लेकर चुनावी मैदान में उतरेगी, जिनमें संख्या के अनुपात में 100 प्रतिशत आरक्षण, एक परिवार एक रोजगार, हम 2 हमारे 2 और राज्यसभा जैसी व्यवस्था को खत्म करना शामिल होगा। 

 यदि आपको विधानसभा चुनाव में बहुमत मिलता है तो आपकी प्राथमिकताएं क्या होंगी?
लम्बे समय से जो लोग समाज में अपेक्षित हैं और जिन्हें उनके अधिकार नहीं मिले, सबसे पहले उनके लिए रास्ता तलाशा जाएगा। लोगों को साफ-सुथरा प्रशासन देना धर्म-निरपेक्ष माहौल बनाना व बेरोजगारों को रोजगार मुहैया करवाना, उनकी पहली प्राथमिकता होगी।

 इनैलो का हरियाणा में क्या भविष्य होगा?
इनैलो तो खेमों में बंट गई है। उनके घर में इतनी बड़ी फूट पड़ चुकी है कि वे साथ-साथ नहीं चल सकते। मेरा मानना है कि आने वाले चुनावों से पहले इनैलो का वजूद हाशिए पर आ जाएगा और उसका जनाधार खत्म हो जाएगा।
 

Rakhi Yadav