कांग्रेस गुटों की लड़ाई अब और तेज हो सकती है

7/16/2018 10:30:17 AM

चंडीगढ़(बंसल): चुपचाप नियुक्त किए कांग्र्रेस के लोकसभा प्रभारियों ने आज पार्टी प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर को भावी लोकसभा प्रत्याशियों के नामों की सूची सौंपी है। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार अधिकांश प्रभारी तंवर समर्थक कहे जा सकते हैं, संभवत: इसी के चलते प्रभारियों की सूची को सार्वजनिक नहीं किया गया। तरुण भंडारी को अम्बाला, भूपेंद्र गंगवा को कुरुक्षेत्र, ईश्वर सिंह को करनाल, बिजेंद्र कादियान को हिसार, जयपाल लाली को सिरसा, ललित भड़ाना को भिवानी महेंद्रगढ़, सुभाष चौधरी को गुरुग्राम, राधेश्याम शर्मा को फरीदाबाद, प्रदीप कासनी को रोहतक तथा दलबीर भारती को सोनीपत का लोकसभा प्रभारी नियुक्त किया गया था।

प्राप्त जानकारी अनुसार इन प्रभारियों ने लोकसभा प्रत्याशियों के नामों के अलावा संगठन संबंधी अन्य मुद्दे, बूथ कमेटियां तथा विधानसभा प्रत्याशियों के नामों की सूची भी अपनी रिपोर्ट में दी है। प्रदेशाध्यक्ष यह रिपोर्ट राहुल गांधी को भेजेंगे। उल्लखेनीय पहलू यह है कि इन प्रभारियों की नियुक्ति कांग्रेस प्रदेश कार्यालय से नहीं, बल्कि सीधे हाईकमान से हुई थी जिसके चलते इनकी रिपोर्ट भविष्य में कोई नया गुल भी खिला सकती है। 

करनाल से कांग्रेस लोकसभा प्रभारी ईश्वर सिंह ने बताया कि करनाल कांग्रेस कमेटी तथा पानीपत कांग्रेस कमेटी ने अवंतिका तंवर माकन के नाम का प्रस्ताव दिया है और इस नाम के प्रस्ताव को ही हाईकमान तक भेजा जाएगा। अवंतिका कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर की पत्नी है। बाकी स्थानों से नामों की जानकारी नहीं मिल पाई है लेकिन इस गेम में तंवर का पलड़ा भारी नजर आता है। ऐसे में प्रभारियों ने मौजूदा कांग्रेस विधायकों के लिए क्या रिपोर्ट भेजी होगी, इसका अंदाजा बखूबी लगाया जा सकता है।

प्रभारियों की रिपोर्ट हुड्डा समर्थक विधायकों के खतरे की घंटी भी साबित हो सकती है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने बताया कि लोकसभा प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्र की रिपोर्ट उन्हें सौंप दी है जो सीधे पार्टी हाईकमान को भेजी जाएगी। उन्होंने फिर दोहराया कि इस बार मेहनती कार्यकर्ताओं को आगे लाया जाएगा और लोकसभा तथा विधानसभा चुनावों में उन्हें तवज्जो दी जाएगी। 
 

 


 
 

 
 


 
 


 

 

  

 

 


 
 

 
 


 
 


 

 
 

 

 


 


 

 
 

 

 
 


 
 


 
 


 

 

 


 


 

 
 

 

 
 


 
 


 
 


 

Rakhi Yadav