निगम चुनाव में 60 से 62 फीसदी मतदान

12/17/2018 9:39:29 AM

चंडीगढ़(बंसल): प्रदेश में रविवार को 5 नगर निगमों करनाल, यमुनानगर, पानीपत, रोहतक व हिसार एवं 2 नगर पालिका जाखल मंडी व पूंडरी के लिए चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए। राज्य चुनाव आयुक्त डा. दलीप सिंह ने दावा किया कि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा है। 

पांचों निगमों में औसत 60 से 62 फीसदी मतदान हुआ है, जबकि नगर पालिका जाखल मंडी में सबसे अधिक 89.5 फीसदी और पूंडरी में 82 फीसदी वोट पड़े। इसी के साथ चुनाव लडऩे वाले मेयर पद के 59 उम्मीदवारों एवं पार्षद के लिए 682 उम्मीदवारों का भाग्य ई.वी.एम. में कैद हो गया। चुनाव परिणाम 19 दिसम्बर को आएंगे। 

मेयर के लिए गुलाबी और पार्षदों के लिए सफेद रंग की ई.वी.एम. रखी गई थी, जिन पर उम्मीदवारों के फोटो भी थे। इन शहरी निकायों में पंजीकृत मतदाताओं की संख्या 14 लाख 1157 रही। मेयर के लिए पहली बार मतदाताओं के जरिए सीधे चुनाव हुआ है। हिसार नगर निगम के 204 बूथ पर 62.7 फीसदी, जाखड मंडी नगरपालिका के 12 बूथों पर 89.5 फीसदी और करनाल नगर निगम के 224 बूथों पर 61.8 फीसदी वोट पड़े है। 

पानीपत नगर निगम के 278 बूथों पर 62 फीसदी, पूंडरी नगर पालिका के 13 बूथों पर 82.08 फीसदी, रोहतक नगर निगम के 256 बूथों पर 62.4फीसदी और यमुनानगर नगर निगम के 303 बूथों पर 65.2 फीसदी वोट पड़े। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज सुबह 7.30 बजे मतदान शुरू हुआ, जो शाम 4.30 बजे तक चला।

Rakhi Yadav