बुरे दिन जाने के इंतजार में हैं लोग : तंवर

9/6/2015 7:49:26 PM

भिवानी :  कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर का कहना है कि भाजपा की वादाखिलाफी के चलते आज हर वर्ग सड़कों पर है। अब लोग अच्छे दिनों की बजाय बुरे दिन जाने का इंतजार करने लगे हैं। उन्होंने जाट आरक्षण के मुद्दे पर इनेलो पर राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि जाट भी सरकार की वादाखिलाफी के चलते सामाजिक लड़ाई के लिए आंदोलन के रुप में सड़कों पर उतर रहे हैंं। आज देश व प्रदेश में सांप्रदायिक दंगे भड़क रहे हैं और कानून व्यवस्था फेल है।  
 
वे चांग गांव के आश्रम में आयोजित रामानंद महाराज की तीसरी पुण्य तिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि   सरकार की नीतियाें के चलते आज हर वर्ग अपने आप को दुखी,पीड़ित और शोषित महसूस कर रहा है।
 
तंवर ने कहा कि भाजपा सरकार में सबसे परेशान किसान हैं, क्योकि कपास हो या धान या फिर गन्ना, हर फसल में बीमारी का प्रकोप है, लेकिन उसे मुआवजा नहीं दिया जा रहा। नौजवान को नौकरी नहीं है और पूर्व सैनिक वन रैंक,वन पैंशन के लिए धरने पर हैं। उन्होंने कहा कि आज हर वर्ग की स्थिति दयनीय है और असुरक्षा का माहौल है। सरकार की इस वादाखिलाफी के विरोध में कांग्रेस की नई कार्यकारिणी संसद से सड़क तक और विधानसभा से हर गांव-गांव तक आंदोलन करेगी। राहुल गांधी के संघर्ष के कारण भाजपा की केंद्र सरकार को नया भूमि अधिग्रहण अध्यादेश वापस लेना पड़ा।