2 सितम्बर को होगा प्रदेशभर में हरियाणा रोडवेज का चक्का जाम

8/26/2016 10:22:18 PM

भिवानी (अशोक भारद्वाज): आगामी 2 सितम्बर को प्रदेशभर में हरियाणा रोडवेज का चक्का जाम सफल बनाने के लिए तालमेल कमेटी का जीप जत्था आज भिवानी के दादरी शहर पहुंचा। इस दौरान कमेटी के प्रदेश स्तरीय नेताओं ने दादरी रोडवेज डिपो में विरोध प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व इंटक के प्रदेशाध्यक्ष अनूप सहरावत, सर्व कर्मचारी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र दिनोद व प्रदेश महासचिव धर्मबीर हुड्डा ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान ऐलान किया गया कि 2 सितम्बर को दादरी में चक्का जाम पूरी तरह से सफल होगा और अन्य विभागों के कर्मचारी भी उनके साथ रहेंगे। 

 
 
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार कर्मचारी वर्ग की अनदेखी कर रही है और यूनियन ने भी अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि इससे 2 सितम्बर को आम जनता के लिए एक और परेशानी आने वाली है, पर इसके लिए सरकार ही जिम्मेदार है। उन्होंने बताया कि आज तक कई बार हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया है, परन्तु उनकी मांगों को सरकार ने नहीं सुना। सरकार के इस रवैये के विरोध में यह चक्का जाम होगा। कर्मचारियों पर रोड सेफ्टी कानून जबरदस्ती थोप दिया गया है, हड़ताल के दौरान उसका भी विरोध किया जाएगा।