फर्जी कागजात पर भर्ती होने वाले युवक पर केस दर्ज

2/3/2018 1:31:58 PM

चरखी दादरी(ब्यूरो): दादरी सेना भर्ती कार्यालय द्वारा आयोजित भर्ती में फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारतीय सेना में भर्ती हुए दादरी जिले के गांव चिडिय़ा निवासी एक युवक के खिलाफ थाना शहर पुलिस ने एफ.आई.आर. दर्ज की है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2016 में 1 से 10 अक्तूबर तक सेना भर्ती कार्यालय दादरी द्वारा भर्ती रैली का आयोजन किया गया था। इसमें गांव चिडिय़ा निवासी विनय राणा ने भी हिस्सा लिया था। 

भर्ती प्रक्रिया में अच्छा प्रदर्शन करने पर उसे सेना में भर्ती के लिए चुन लिया था। भर्ती के दौरान उक्त युवक ने अपने शैक्षणिक दस्तावेज भी सेना भर्ती कार्यालय में जमा करवाए थे। इन दस्तावेजों में उसकी उम्र 16 मार्च 1997 दर्शाई गई थी। भर्ती होने के बाद अब दस्तावेजों की जांच करने पर पता चला कि उसकी सही उम्र 12 नम्वबर 1989 है। इस दौरान और ज्यादा गम्भीरता से जांच करने पर पता चला कि वह पहले भी भर्ती रैली में भाग ले चुका है। इस बारे में उसने नाम में भी छेड़छाड़ की हुई है। दस्तावेजों की पूर्ण रूप से जांच करने व फर्जीवाड़ा पकडऩे के बाद दादरी सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक ने उक्त युवक के खिलाफ सेना से धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज करवाया है। 

नहीं दी थी ज्वाइनिंग
दादरी सेना भर्ती कार्यालय के निदेश कर्नल अजीत पिल्लई ने बताया कि शुरूआती दौर में ही उक्त युवक के प्रमाण पत्रों की जांच करने पर उस पर शक हो गया था। ऐसे में उसे ज्वाइनिंग नहीं दी गई थी। जिस पर उन्होंने पुरजोर पैरवी करते हुए उसके असल व फर्जी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों को न्यायालय में पेश किया जिसके बाद उक्त युवक ने जनवरी माह में अपना केस वापस ले लिया था। अब उन्होंने सभी दस्तावेजों के साथ उसके खिलाफ धोखाधड़ी कर सेना में भर्ती होने का पुलिस में मामला दर्ज करवाया है।