17 तक समाधान न होने पर 18 सितम्बर को सामूहिक गिरफ्तारियां देंगे कर्मचारी
9/15/2018 11:09:33 AM
चंडीगढ़(बंसल): सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने 27 अगस्त से स्वास्थ विभाग के एम.पी.एच.डब्ल्यू. की प्रदेश में चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल के प्रति सरकार की बातचीत न करने की हठधर्मिता की घोर निंदा की है। संघ ने इस हड़ताल के लिए स्वास्थ्य व वित्त विभाग के गैर जिम्मेदाराना रवैया को जिम्मेदार ठहराया है। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मामले में तुरंत दखल देकर नोटिफिकेशन जारी करवा हड़ताल को समाप्त करवाने की मांग की है।
सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने सरकार को अल्टीमेटम दिया है कि अगर 17 सितम्बर तक हड़ताल का बातचीत से समाधान नहीं हुआ तो विभिन्न विभागों के कर्मचारी 18 सितंबर को जेल भरो आंदोलन के तहत सामूहिक गिरफ्तारियां देंगे। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के महासचिव सुभाष लांबा ने बताया कि सरकार अब तक 891 हड़ताली एम.पी.एच.डब्ल्यू. के खिलाफ एस्मा के तहत मुकद्दमे दर्ज करवा चुकी है और 788 हड़ताली कर्मचारियों की सेवाएं बर्खास्त कर चुकी है। इसके अलावा करीब 500 कर्मचारियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि सरकार के तमाम दमनकारी कदमों के बावजूद हड़ताल पर कर्मचारी डटे हुए हैं और उनके हौसले बुलंद हैं।