जर्जर हवेली का हिस्सा गिरा, एक मजदूर जख्मी

7/31/2017 10:05:05 AM

भिवानी(पंकेस):खारी कुई मस्तावाली गली में जर्जर हवेली को तोड़ते वक्त एक हिस्सा गिर गया। गनीमत यह रही कि जिस वक्त हवेली का पार्ट गिरा। उस वक्त वहां से कोई भी व्यक्ति नहीं गुजर रहा था। अगर उस समय वहां से लोगों की आवाजाही होती तो बड़ी घटना घट सकती थी हालांकि हवेली का पार्ट गिरा उसमें एक मजदूर को चोट भी लगी लेकिन उपचार के बाद मजदूर को चिकित्सकों ने छुट्टी भी दे दी। हवेली गिरने के बाद इलाके में भय का माहौल है।

जानकारी के अनुसार दोपहर बाद मस्तावाली गली में गिरधारी लाल की जर्जर हवेली को गिराने का कार्य चल रहा था। दीवार पर चढ़कर 2 मजदूर जर्जर दीवारों को गिरा रहे थे। इसी दौरान अचानक दीवार का एक बड़ा हिस्सा टूटकर गली में गिर गया। इसकी चपेट में एक मजदूर आ गया जिसको चोटें आई। धमाके की आवाज सुनकर मौके पर अनेक लोग एकत्रित हो गए। वहां पर पहुंचे लोगों ने घायल मजदूर को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। वहां पर उपचार के बाद चिकित्सकों ने मजदूर को छुट्टी दे दी। बताया जाता है कि जिस समय दीवार का हिस्सा गली में गिरा। उस समय एक तेज आवाज का धमाका हुआ और दीवार का कचरा पूरी गली में बिखर गया। गनीमत यह रही है कि जिस समय दीवार का टुकड़ा गिरा। उस समय गली से लोगों की आवाजाही बंद ही थी। कोई भी व्यक्ति गली से नहीं गुजर रहा था। उस समय वहां पर कोई व्यक्ति होता तो शायद बडा हादसा हो सकता है।

अपने आप गिरवा रहे थे जर्जर हवेली को
बताया जाता है कि नगर परिषद के नोटिस के बाद गिरधारी लाल के परिजन जर्जर हवेली को तुड़वा रहे थे। विगत में नगर परिषद ने शहर की कई कालोनियों में जर्जर हवेली मालिकों को नोटिस भेजे थे। नोटिसों में कहा गया था कि जर्जर हवेलियों को शीघ्र गिरवाया जाए। नहीं तो कमेटी गिरवाएगी। जिसका खर्च हवेली मालिक को भुगतना होगा। इसी आदेश के तहत गिरधारी लाल के परिजनों ने दो मजदूरों को बुलाकर जर्जर हवेली को तुड़वाना आरंभ कर दिया। 

मलबा गिरने से बिजली का खम्भा टूटा
हवेली का मलबा गिरने से एक बिजली का खम्भा टूट गया। बिजली का खम्भा टूटकर लटक गया जिसकी वजह से  इलाके की बिजली गुल हो गई। क्षेत्र के लोगों ने इस बारे में निगम के अधिकारियों को सूचना दी। सूचना के बाद निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बिजली की सप्लाई चालू कर दी। बिजली की सप्लाई चालू होने के बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली।