आंदोलन में पैट्रोल पम्प व दुकान में आग लगाने के आरोपी ने निगला जहर

6/26/2016 3:20:53 PM

चरखी दादरी: फरवरी में हुए जाट आरक्षण के दौरान गांव सांवड़ स्थित पैट्रोल पम्प व दुकान में तोडफ़ोड़ व आगजनी के आरोपी ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। युवक को गंभीर हालत में रोहतक पी.जी.आई. में भर्ती करवाया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। परिजनों ने पीड़ित पर झूठा मामला दर्ज करवाने व तंग करने का आरोप लगाया। 

 

ज्ञात रहे कि फरवरी में जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान गांव सांवड़ स्थित एक पैट्रोल पम्प व दुकान पर उपद्रवियों ने तोडफ़ोड़ कर आग के हवाले कर दिया था। कई लोगों पर मामला दर्ज किया गया था। पैट्रोल पम्प व दुकान मालिक की तरफ से गांव सांवड़ निवासी मुनिराम पुत्र जगदीश को भी उपद्रवियों में शामिल बताया था। बौंदकलां पुलिस ने मुनिराम पर भी उपद्रवियों के साथ मामला दर्ज किया था। उसके बाद से ही मुनिराम फरार चल रहा था। बताया जा रहा है कि इस वक्त मुनिराम पुलिस के डर से अपनी ससुराल रोहतक में रह रहा था। मुनिराम के भाई सोन ने बताया कि मुनिराम पर झूठा मामला दर्ज करवाया गया था। उसके बाद से ही मुनिराम काफी परेशान चल रहा था। इसी परेशानी के चलते मुनिराम ने जहरीला पदार्थ निगला है। परिजनों ने मुनिराम को गंभीर हालत में रोहतक पी.जी.आई. में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।