जमीनी विवाद को लेकर झगड़ा,  एक की मौत व 7 घायल

6/11/2017 3:15:01 PM

चरखी दादरी(भूपेंद्र):गांव घसौला में जमीनी विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दोनों पक्षों से 7 लोग घायल हो गए। सभी को दादरी के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। चिकित्सकों ने घायलों में से 4 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद भिवानी व रोहतक पी.जी.आई. रैफर कर दिया। जहां गंभीर रूप से घायल जगत नारायण को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

जानकारी के अनुसार गांव घसौला में 2 परिवारों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। अस्पताल में उपचाराधीन एक पक्ष से घायल विनोद कुमार ने बताया कि शनिवार को वह अपने परिजनों के साथ खेत में जुताई करने के लिए गया था। इसी बीच गांव के करीब आधा दर्जन लोग वहां पहुंचे और खेत में जुताई का विरोध जताने लगे। घायल ने बताया कि जब उन्होंने उनकी बात नहीं मानी तो उक्त लोगों ने लाठी, डंडों व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में विनोद, पिता रघबीर सिंह, चाचा टेकराम व सुरेंद्र को गहरी चोटें लगीं। 

वहीं, दूसरे पक्ष से घायल राजबीर सिंह ने बताया कि उक्त लोगों ने पहले उनके साथ झगड़ा शुरू कर दिया। जिसके बाद उन्होंने तेजधार हथियार, कुल्हाड़ी आदि उसके परिवार के सदस्यों पर वार कर डाले। जिसमें राजबीर, दीपक, अश्विनी, जगत नारायण घायल हो गए। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर झगड़े को शांत करवाया तथा सभी घायलों को दादरी के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जगत नारायण, अश्विनी व टेकराम को रोहतक पी.जी.आई. रैफर कर दिया। वहीं, राजबीर व दीपक को प्राथमिक उपचार देकर भिवानी सिविल अस्पताल रैफर कर दिया। जहां चिकित्सकों ने जगत नारायण को मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।