हरियाणा के ये खिलाड़ी IPL-9 में दिखाएंगे अपनी गेंद और बल्ले का दम...6.5 करोड़ में बिके मोहित

2/7/2016 8:32:55 AM

फरीदाबाद/सिरसा/भिवानी: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के नौवें संस्करण के लिए नीलामी में बिकने वाले खिलाड़ियों की सूची जारी हो चुकी है। इस बार टीम इंडिया में शामिल हुए पवन नेगी नीलामी में युवराज जैसे स्टार को पछाड़ सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी बने। नेगी को दिल्ली डेयरडेविल्स ने 8.5 करोड़ रु. में खरीदा। युवराज को 7 करोड़ रु. में सनराइजर्स हैदराबाद ने शामिल किया। वहीं हरियाणा के खिलाड़ियों में फरीदाबाद के मोहित शर्मा 6.5 करोड़ के साथ सबसे महंगे रहे।

-बल्लभगढ़ (फरीदाबाद) के तेज गेंदबाज मोहित शर्मा (27) को किंग्स इलेवन पंजाब 6.5 करोड़ में खरीदा। हरियाणा की ओर से रणजी खेलने वाले मोहित पहले चेन्नई की ओर से खेले थे।

-रोहतक के किलोई के दीपक हुड्‌डा (20) को हैदराबाद ने 4.2 करोड़ में खरीदा। दीपक दाएं हाथ के बल्लेबाज व बाएं हाथ के ऑफ ब्रेक गेंदबाज हैं। दीपक बडोदा (गुजरात) की टीम में खेलते हैं और परिवार के साथ वहीं रहते हैं। इससे पहले दीपक राजस्थान से खेलते थे।

-भिवानी के रासीवास के प्रदीप सांगवान (25) को गुजरात लायंस ने 20 लाख रु. में खरीदा है। प्रदीप दिल्ली की ओर से रणजी खेलते हैं। आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स व कोलकाता की ओर से खेल चुके हैं।

-सिरसा के गांव पन्नीवाला मोरिकां के बरिंदर सरां  (23) को सनराइजर्स हैदराबाद ने 1.2 करोड़ में खरीदा। तेज गेंदबाज सरां पंजाब से रणजी खेलते हैं। वे पहले राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेले थे।