विवाहित की संदिग्ध हालात में मौत

10/27/2017 11:07:09 AM

चरखी दादरी(राजेश): स्थानीय वार्ड-18 निवासी एक 35 वर्षीय विवाहित की गत दिवस को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के शव को दादरी के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखा गया। इस हादसे की खबर मृतका के मायके वालों को दी गई तो वे अस्पताल पहुंचे और यहां उन्होंने ससुराल पक्ष पर उनकी बेटी की हत्या का अंदेशा जताया। मृतका की मां व अन्य परिजनों ने दादरी की बजाए रोहतक पी.जी.आई. में चिकित्सकों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम करवाने की मांग की। हालांकि ससुराल पक्ष के लोग अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताते हुए इसे सामान्य मौत बता रहे हैं। 

पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम के बाद ही असल कारणों का पता लग पाएगा। गांव निमड़ बडेसरा निवासी मृतका की मां ने बताया कि उन्होंने करीब 15 साल पूर्व अपनी बेटी की शादी गांव ढाणी फौगाट में की थी। फिलहाल ससुराल पक्ष दादरी के ही वार्ड-18 में रहता है। उसने आरोप लगाया कि ससुराल के लोग उसकी बेटी को दहेज के लिए प्रताडि़त करते रहते थे। जिस कारण वह काफी परेशान रहती थी। इस मामले में पहले भी कई बार दोनों ओर से आपसी बातचीत से विवाद सुलझाने का काम किया। 

मृतका के ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि सभी आरोप निराधार है। रात करीब एक बजे मृतका का पति राजेश खेतों के काम से निपट कर घर आया था। उसने उसे खाना दिया, खाना खाकर वह सो गए। किसी प्रकार के झगड़े, परेशानी की कोई बात नहीं थी। सुबह जब उसका पति उठा और दूध निकालने के लिए उसे जगाया तो वह बिस्तर पर बेसुध पड़ी थी। तुरंत उसे दादरी के सरकारी अस्पताल में लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।  पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतका के परिजनों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।