प्रवासी महिला के साथ दुष्कर्म
punjabkesari.in Tuesday, Feb 05, 2019 - 12:38 PM (IST)
भिवानी(ब्यूरो): उत्तर प्रदेश से यहां अपने बेटे के साथ मजदूरी का काम करने वाली एक महिला के साथ उत्तर प्रदेश के ही फेरी लगाकर कपड़े बेचने वाले युवक ने दुष्कर्म कर दिया। यह घटना रविवार दोपहर बाद की है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। इस बारे में पीड़ित महिला ने बताया कि इस समय वह अपने बेटे के साथ पालुवास में एक किराए के मकान में रहती है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को उसने गली में फेरी लगाकर कपड़े बेचने वाले मूल रूप से उत्तर प्रदेश निवासी जाहिर से उधार में एक सूट लिया था तब जाहिर ने उससे कहा था कि वह बाद में उसके पैसे ले लेगा। महिला ने बताया कि रविवार को वह हरिपुर में रिश्ते में देवर लगने वाले युवक के घर जा रही थी।
इसी दौरान उसे रास्ते में जाहिर मिल गया और अपने सूट के कपड़े मांगने लगा। इस पर उसने कह दिया कि अभी उसके पास पैसे नहीं हैं। यह कहकर वह अपने देवर के मकान पर पहुंची तो जाहिर भी वहां पहुंच गया। महिला ने बताया कि जिस समय वह अपने देवर के मकान पर पहुंची तो वह घर नहीं था। इसी के चलते जाहिर ने उसे अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म कर दिया।