मौसम का बदला मिजाज, तेज हवाओं के साथ हुई बूंदाबांदी

1/22/2019 12:20:58 PM

सोनीपत: पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से सोमवार को जिले में मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह से ही आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहे और शाम को तेज हवाओं के साथ जिले के कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के अनुमानों के अनुसार सप्ताह के अंत तक बरसात के आसार बने रहेंगे। दरअसल, पिछले कई दिनों से अधिकतम तापमान में वृद्धि होनी शुरू हो गई थी। दिन का अधिकतम तापमान 24 डिग्री तक पहुंच गया था। हालांकि ईरान और पाकिस्तान की तरफ से आने वाली हवाओं की वजह से दिल्ली-एन.सी.आर. क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की सम्भावना भी पैदा हो गई थी। 

25 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से चली ठंडी हवाएं, बढ़ी ठिठुरन 

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से जिले में करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से ठंडी हवाएं चली जिसके चलते शाम को लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ा। दिन का न्यूनतम तापमान भले ही 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 डिग्री दर्ज हुआ हो परन्तु शाम होते-होते तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट आ गई। मौसम विभाग के अनुमानों के अनुसार बूंदाबांदी होने की वजह से जिले का न्यूनतम तापमान एक बार फिर से 5 डिग्री से नीचे पहुंच सकता है। वहीं अधिकतम तापमान भी 20 डिग्री से नीचे आ सकता है। 

Deepak Paul