महाराष्ट्र अग्निकांड में शहीद जवानों के परिजनों को सांसद धर्मवीर देंगे 10-10 लाख की सहायता राशि

6/6/2016 6:17:22 PM

(अशोक भारद्वाज) भिवानी: पिछले दिनों महाराष्ट्र के पुलगांव स्थित केंद्रीय आयुध भंडार में भीषण अग्नि कांड को काबू करते हुए हरियाणा के 8 जवान शहीद हो गए थे। इन 8 जवानों में 4 सैनिक भिवानी -महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के गांवो के रहने वाले थे। जिनमे महेंद्रगढ़ जिले के कसबे नांगल चौधरी के गांव बूढ़वाल के नवजोत और मारोली गांव के लास नायक रामचन्द्र के पार्थिव शरीर गांव पहुंच गए हैं, मगर भिवानी के गांव दगड़ौली से अरविन्द और महडा से कुलदीप के पार्थिव शरीर अभी तक नहीं पंहुच पाए हैं। सभी जवान डिफेंस सिक्योरिटी कोर में सेवारत थे। 
 
शहीदों को श्रद्धांजलि देने पहुंचे भिवानी -महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद धर्मबीर सिंह ने इन जांबाज जवानों को श्रद्धांजलि दी। सांसद ने नांगल चौधरी के गांव बूढ़वाल के नवजोत और मारोली गांव के लास नायक रामचन्द्र के स्मारक के लिए एमपी कोटे से 10 -10 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने भिवानी के गांव दगड़ौली से शहीद अरविन्द और महडा से कुलदीप के परिजनों को भी स्मारक के लिए एमपी कोटे से 10 -10 लाख रुपए देने की घोषणा की।
 
सांसद ने कहा कि इस घटना में करीब 23 जवान आग बुझाते हुए शहीद हुए है ,यदि जवान इस आग पर काबू नहीं पाते तो महाराष्ट्र में बहुत बड़ा हादसा हो सकता था। लेकिन इन जवानों ने अपनी जान पर खेल कर आग पर काबू पाया। उन्होंने कहा कि वे शहीदों के स्मारक के लिए अपने एमपी कोटे से 10 -10 लाख रुपए देंगे ,ताकि इन देश भक्तों की याद स्मारक बने और युवाओं को प्रेरणा मिले की देश की रक्षा के लिए सैनिक किस प्रकार अपने प्राणो की बाजी लगाते है।