काम नहीं, ‘जाम’ शुरू

3/17/2019 10:39:33 AM

भिवानी(ब्यूरो): शहर के लोहारू रोड ओवरब्रिज पर सोमवार से आवागमन बंद है। इसका कारण यह है कि नैशनल हाईवे ने इस ओवरब्रिज पर नई सड़क बनानी है और इसके लिए करीब 15 दिन पहले पुरानी सड़क को उखाड़ा भी जा चुका है। इस नई सड़क के बनाने के लिए विभाग ने जिला प्रशासन से 15 दिन का समय मांगा था। मगर 5 दिन बीतने के बावजूद विभाग ने यहां नई सड़क बनाने का काम शुरू नहीं किया है। इसके चलते यहां से गुजरने वाले हजारों लोगों को रोजाना जाम से जूझना पड़ रहा है। 

यहां बता दें कि शहर में पहला रेलवे ओवरब्रिज लोहारू रोड पर 80 के दशक में बना था। उसके बाद शहर में पिछले कुछ सालों में ही तोशाम रोड और हांसी रोड पर ओवरब्रिज बने हैं। वहीं, जिस समय लोहारू रोड ओवरब्रिज बना था तब से लेकर अब तक इसकी रिपेयर पर कभी ध्यान नहीं दिया था। इसके चलते इस ओवरब्रिज पर इस समय गड्ढे बने हुए थे और इन गड्ढों में लोगों को हिचकोले खाते हुए निकलना पड़ता था। इसके अलावा इस ओवरब्रिज की इस समय जगह जगह से रेङ्क्षलग भी टूटी हुई है। 

2014 में नैशनल हाईवे के अधीन आया यह ओवरब्रिज 

पहले यह ओवरब्रिज पी.डब्ल्यू.डी. के अधीन था। मगर विभाग ने इस ओवरब्रिज की टूटी सड़क पर पैचवर्क करने के अलावा और कोई काम नहीं करवाया। वहीं, फरवरी 2014 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने रोहतक, भिवानी, लोहारू होते हुए पिलानी और राजगढ़ तक के मार्ग को नैशनल हाईवे का दर्जा दिया था। इसलिए उस दर्जे के चलते यह ओवरब्रिज नैशनल हाईवे के अधीन आ गया। 

अब सुध ली तो काम शुरू नहीं किया 

इसके बाद नैशनल हाईवे अथॉरिटी ने इस ओवरब्रिज के दोनों ओर सड़क बनाकर उनके बीच डिवाइडर बनाने का काम पूरा कर दिया था। मगर इस ओवरब्रिज की खस्ता हालत के बारे में अभी तक ध्यान नहीं दिया था। इसी कड़ी में अब एन.एच. ने इस ओवरब्रिज की सुध लेते हुए इसका सुधारीकरण करने के लिए इसी महीने इस ओवरब्रिज पर नई सड़क बनाने के लिए पुरानी सड़क को उखाड़ा था। 

kamal