महेंद्रगढ़ जिले में खोला जाएगा पासपोर्ट सेवा केंद्र : वी.के. सिंह

7/17/2018 10:06:10 AM

भिवानी(पंकेस): विदेश राज्य मंत्री जनरल डा. वी.के. सिंह ने मुख्य डाकघर में पासपोर्ट सेवा केंद्र कार्यालय का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अब भिवानी प्रदेश का छठा पासपोर्ट सेवा केंद्र बन गया है। इस सेवा का लाभ उठाने के लिए अब चंडीगढ़ नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद धर्मबीर सिंह के अथक प्रयासों से पासपोर्ट सेवा केंद्र कार्यालय का उद्घाटन हो पाया है। 

भिवानी में पासपोर्ट सेवा केंद्र कार्यालय खुलने से इस क्षेत्र के लोगों को अब हिसार-अम्बाला, गुरुग्राम व चंडीगढ़ नहीं जाना पड़ेगा। अब भिवानी में पासपोर्ट बनवाने की सुविधा उपलब्ध हो गई। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट अंतर्राष्ट्रीय आई.डी. भी है। उन्होंने कहा कि इंसान को व्यापार-पढ़ाई या अन्य किसी कार्य के लिए कभी भी विदेश जाना पड़ सकता है, ऐसे में पासपोर्ट होना जरूरी है। 

जनरल वी.के. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गरीब वर्ग की भलाई के लिए नीतियां निर्धारित बना रही हैं। भिवानी पासपोर्ट कार्यालय और अन्य शहरों में स्थित पासपोर्ट कार्यालयों में कोई अंतर नहीं है। यहां पर पंजीकरण भी होगा और फिंगर प्रिंट भी लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट की सारी प्रक्रिया महज 6-7 दिन में पूरी हो जाएगी और इस अवधि में पासपोर्ट सम्बंधित व्यक्ति के घर पर पहुंच जाता है। 

उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ जिले के बाद रेवाड़ी में भी पासपोर्ट सेवा केंद्र खोला जाएगा। पासपोर्ट सेवा केंद्र का शुभारम्भ के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए डा. सिंह ने कहा कि भिवानी प्रदेश का छटा पासपोर्ट सेवा केंद्र बना गया। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले तक देश में लगभग 97 पासपोर्ट सेवा केंद्र थे लेकिन आमजन को यह सेवा उपलब्ध करवाने के लिए विदेश मंत्रालय ने पोस्ट ऑफिस कार्यालय में ये सेवा खोलने का निर्णय लिया।

 
 

Rakhi Yadav