छेड़छाड़ से रोका तो पुलिस कर्मी ने कंडक्टर को पीटा

punjabkesari.in Monday, Jul 16, 2018 - 10:41 AM (IST)

भिवानी(पंकेस): भिवानी से दादरी जा रही एक रोडवेज बस में एक पुलिसकर्मी एक महिला के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। यह देख कंडक्टर ने पुलिसकर्मी को ऐसा करने से रोका तो उसे शहर की सब्जी मंडी चौकी में ले जाकर बुरी तरह पीट दिया। इसके विरोध में रोडवेज कर्मचारियों ने रोहतक गेट पर ही बसों का चक्का जाम कर दिया। समाचार लिखे जाने तक रोडवेज कर्मचारियों ने डी.एस.पी. जगत सिंह मोर और सिविल लाइन थाना प्रभारी अजीत सिंह के समझाने पर जाम खोला। 

इस बारे में सुई निवासी रोडवेज बस के कंडक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि रविवार शाम सवा 5 बजे वह भिवानी से दादरी के लिए बस लेकर चला था। इसी दौरान उसे बस की पिछली सीट पर एक व्यक्ति एक महिला के साथ छेडख़ानी करता हुआ दिख गया। इस पर उसने उस व्यक्ति को आगे वाली सीट पर आने की बात कही तो उसकी उसके साथ कहासुनी हो गई। 

मैं सब्जी मंडी चौकी में कार्यरत हूं 
सुरेश ने बताया कि उस व्यक्ति ने उसे धमकी देते हुए कहा कि वह सब्जी मंडी चौकी में कार्यरत पुलिसकर्मी है। इतनी ही देर में सब्जी मंडी चौकी आई तो उसने चालक से कहकर बस को रुकवाया और इसकी शिकायत करने सब्जी मंडी चौकी जाने लगा तो वह व्यक्ति भी वहीं पहुंच गया। इसके बाद चौकी में मौजूद होमगार्ड के 2 जवानों और उस पुलिसकर्मी ने मिलकर उसकी प्लास्टिक के डंडों से पिटाई करनी शुरू कर दी। यह देख उसने शोर मचाया तो वहां दुकानदार और कुछ बसों के कर्मचारी आ गए। 

पुलिस के खिलाफ लगाए नारे 
इसके बाद रोडवेज कर्मचारियों ने पुलिस को गुंडों का दर्जा देते हुए पुलिस और सरकार के खिलाफ नारे लगाने शुरू कर दिए। इस बात की जानकारी मिलने पर डी.एस.पी. जगत सिंह मोर, सिविल लाइन थाना प्रभारी जयसिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने रोडवेज कर्मचारियों से बात करते हुए घायल कंडक्टर के हालत देखते हुए कहा कि जिसने भी यह काम किया है गलत है। इसलिए कंडक्टर अपना मैडीकल करवा इसकी शिकायत पुलिस को दे। 

पुलिस उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। इस पर रोडवेज कर्मचारी नेता राजकुमार दलाल, नरेंद्र दिनोद, अजय शर्मा और पूर्व रोडवेज कर्मचारी नेता बलदेव घणघस ने कहा कि जब तक उक्त पुलिसकर्मी को सस्पैंड नहीं किया जाता वे बसों को यहां से नहीं हटाएंगे। इस पर डी.एस.पी. ने आश्वासन दिया कि यह मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंच गया है। इसलिए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

12 बजे तक का दिया अल्टीमेटम 
इस पर रोडवेज कर्मचारियों ने पुलिस को सोमवार दोपहर 12 बजे तक का समय देते हुए कहा कि अगर उस समय तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया तो वे फिर से चक्का जाम कर देंगे। उनकी बात पर डी.एस.पी. जगत सिंह ने उन्हें आश्वासन दिया कि पुलिस रात को ही आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर देगी। इसके बाद रोडवेज कर्मचारियों ने शाम 7 बजे जाम खोल दिया।
 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rakhi Yadav

Recommended News

Related News

static