पुलिस की छवि व कार्यकुशलता सुधारना लक्ष्य : खट्टर

11/9/2017 5:12:17 PM

पंचकूला(मुकेश):मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के माध्यम से व पुलिस आधुनिकीकरण के लिए समुचित फंड उपलब्ध करवाकर पुलिस की छवि व कार्यकुशलता सुधारना उनका इरादा है। मुख्यमंत्री बुधवार को पंचकूला के सैक्टर-3 में 2.26 एकड़ क्षेत्र में हरियाणा पुलिस व हरियाणा पुलिस हाउसिंग कार्पोरेशन की ओर से लगभग 31 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से बनाए जाने वाले केन्द्रीयकृत पुलिस नियंत्रण कक्ष डायल हरियाणा 100 परियोजना के भवन का शिलान्यास के बाद बोल रहे थे

मुख्यमंत्री ने सर्दी देखते हुए जैकेट के लिए 1200 रुपए नकद, वेतन के साथ-साथ यात्रा भत्ता व मृत्यु हो जाने पर पुलिसकर्मियों के बच्चों को डी.ए.वी. पुलिस पब्लिक स्कूल में मुफ्त शिक्षा उपलब्ध करवाने की घोषणा की। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एस.एस. प्रसाद के डायल हरियाणा 100 का अच्छा नाम देने के सुझाव पर उन्होंने सभी उपस्थित अधिकारियों से नाम के सुझाव की प्रविष्टियां आमंत्रित की। 

चयनित प्रविष्टी के लिए 5100 रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पायलट परियोजना के आधार पर करनाल व रोहतक में मित्र कक्ष खोले जा रहे हैं और शेष अन्य जिलों में खोले जाएंगे। यहां पुलिसकर्मी साधारण कपड़ों में ड्यूटी देंगे। इस अवसर पर सांसद रतन लाल कटारिया, राज्यमंत्री कर्ण देव कंबोज, विधायक ज्ञान चंद गुप्ता, विधायक लतिका शर्मा, पुलिस कमिश्नर पचंकूला ए.एस. चावला, डी.सी. गौरी पराशर जोशी, डी.सी.पी. मनवीर सिंह के आलावा सभी रेंज कमिश्नर मौजूद थे।ऑ

पारदर्शी थी 6100 पुलिसकर्मियों की भर्ती
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से लगभग 6100 पुलिसकर्मियों की भर्ती से लोगों में एक अच्छा संदेश गया है और लोग खुले मन से कह रहे हैं कि उन्हें किसी के पास न तो पैसे ले जाने पड़े और न ही राजनीतिक आकाओं के इर्द-गिर्द घूमना पड़ा। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही 4500 सिपाहियों, 1092 महिला पुलिसकर्मियों व 9 एस.पी.की भर्ती की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि महिलाओं की भर्ती प्रतिशतता 8 प्रतिशत से बढ़कर 10 प्रतिशत हुई है व इसे 33 प्रतिशत तक ले जाया जाएगा। डी.जी.पी. बी.एस. संधू ने कहा कि जो भी प्रस्ताव पुलिस विभाग के मुख्यमंत्री के पास स्वीकृति के पास ले जाते हैं तो उन्हें बेझिझक मुख्यमंत्री स्वीकृत करते हैं। डायल हरियाणा 100 भी उसका हिस्सा है। उन्होंने कहा कि भोपाल, लखनऊ व दिल्ली में इस प्रकार के केंद्रीयकृत पुलिस नियंत्रण कक्ष संचालित हैं। इसके बाद, हरियाणा ऐसी परियोजना संचालित करने वाला देश का अग्रणी राज्य होगा।