रॉड से ATM तोड़ते दो युवक सीसीटीवी में कैद

11/24/2015 2:49:58 PM

भिवानी: शहर में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था नाकाम होती नजर आ रही है। गत सोमवार सुबह घंटाघर व हांसीगेट स्थित 2 ए.टी.एम. उखाड़कर चोरों ने चोरी का प्रयास किया लेकिन ए.टी.एम. पूरी तरह से उखड़ नहीं पाए। ए.टी.एम. तोड़ रहे 2 युवकों के कारनामे सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गए। घटना की सूचना पाकर शहर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। पुलिस द्वारा दोनों ए.टी.एम. की सी.सी.टी.वी. फुटेज को करीब एक घंटे तक खंगाला गया।

घंटाघर स्थित बैंक ऑफ इंडिया के ए.टी.एम. पर तैनात गार्ड ने बताया कि रात को ए.टी.एम. पर उसकी ड्यूटी थी। रात करीब 12 बजे अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। इस दौरान वह कुछ देर के लिए सामान्य अस्पताल में दवाई लेने के लिए गया था। सुबह 5 बजे तक ए.टी.एम. पूरी तरह से सुरक्षित था। इसके बाद ए.टी.एम. को चोरों ने लोहे की राड से उखाडऩे का प्रयास किया।

सुबह जब उसने आकर देखा तो ए.टी.एम. तोड़े जाने के निशान मिले। उसने घटना की सूचना बैंक मैनेजर को दी। मैनेजर ने घटना की शिकायत सिटी पुलिस थाने में की। पुलिस ने सिटी एस.एच.ओ. अश्विनी, बी.टी.एम. पुलिस चौकी इंचार्ज बीर सिंह व सी.आई.ए. टीम जांच के लिए ए.टी.एम. पर पहुंची। दोनों घटनाओं को अंजाम देने वाला एक ही गिरोह बताया जा रहा है। बैंक अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ए.टी.एम. को तोड़ नहीं पाए जिस कारण ए.टी.एम. के अंदर रखी राशि सुरक्षित है। पुलिस द्वारा आरोपियों की खोजबीन तेज कर दी गई है।