8 जनवरी की देशव्यापी हड़ताल के लिए ट्रेड यूनियनों ने भरी हुंकार

12/16/2019 10:14:16 AM

भिवानी (पंकेस) : 8 जनवरी को आयोजित होने वाली देशव्यापी हड़ताल को लेकर महम रोड स्थित सर्व कर्मचारी संघ यूनियन कार्यालय में सांझा क्षेत्रीय कन्वैंशन का आयोजन किया गया। कन्वैंशन में भिवानी, रोहतक, दादरी व महेन्द्रगढ़ जिले के कर्मचारियों तथा सभी ट्रेड यूनियनों ने भाग लिया। कन्वैंशन में सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों, महंगाई, बेरोजगारी व देश की बिगड़ी अर्थव्यवस्था को लेकर विचार-विमर्श किया गया तथा 8 जनवरी को होने वाली देशव्यापी आम हड़ताल के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया। कन्वैंशन में मंच का संचालन सुखदर्शन सरोहा ने किया।

कन्वैंशन को सम्बोधित करते हुए एटक के प्रांतीय प्रधान बलदेव घणघस ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि निजीकरण प्रथा को बंद किया जाए, ठेकेदारी प्रथा को खत्म किया जाए, सभी यूनियनों को उनके अधिकार दिए जाएं, भवन निर्माण मजदूर संगठन के पंजीकरण को दोबारा से शुरू किया जाए, कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए, पुरानी पैंशन योजना को लागू किया जाए, पंजाब के समान वेतनमान दिया जाए व सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पुरानी पैंशन नीति को लागू किया जाए। 

इस अवसर पर एटक के जिला प्रधान ईश्वर शर्मा ने बताया कि 8 जनवरी को होने वाली राष्ट्रीयव्यापी हड़ताल में सभी ट्रेड यूनियनें बढ़-चढ़कर भाग लेंगी। उन्होंने बताया कि हड़ताल का सफल बनाने के लिए सभी कर्मचारियों, मजदूरों व किसानों को जागरूक किया जाएगा। इसके लिए जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। कन्वैंशन को सुखदर्शन सरोहा, कामरेड ओमप्रकाश, सी.आई.टी.यू. की प्रदेश सचिव सुरेखा, संदीप सांगवान, रामअवतार खोरड़ा, राजकुमार जांगड़ा, सत्य सिंह कौशिक ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर सर्व कर्मचारी संघ, सर्व कर्मचारी महासंघ, इंटक, एटक, एच.एम.एस., सीटू, ए.आई.यू.टी., ए.आई.यू.सी., हरियाणा बैंक इम्प्लाइज फैडरेशन, हरियाणा संयुक्त कर्मचारी संघ के कर्मचारियों व पदाधिकारियों ने भाग लिया। 

Isha