जेल में कैदियों के 2 गुटों में झगड़ा

1/10/2019 12:50:55 PM

भिवानी(ब्यूरो): जिला जेल में बंद 2 गुटों में आपस में झगड़ा हो गया। इनमें से 2 कैदियों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने जेल अधीक्षक की शिकायत पर इस मामले की जांच शुरू कर दी है। इस बारे में जेल अधीक्षक ने बताया कि जेल में बंद विचाराधीन कैदी मनोज, सुनील, मोनू, राहुल, राकेश व अनमोल ने मिलकर जेल में एक गुट बनाया हुआ है। इसके अलावा जेल में बंद अन्य विचाराधीन कैदी मिन्टू, हरिकिशन, महेन्द्र, सुमित व मोनू ने अपना अलग गुट बनाया हुआ है। उन्होंने बताया कि इन दोनों गुटों के सदस्यों ने शाम 5 बजे आपस मे झगड़ा करते हुए नुकीली चीजों से जानलेवा हमला किया।  

इस बात की जानकारी मिलने पर ड्यूटी पर तैनात सहायक अधीक्षक चानन राम, उप सहायक अधीक्षक जय सिंह व कर्मचारी चक्कर हैडवार्डर जोगेंद्र सिंह, ब्लाक इंचार्ज हैडवार्डर जगदीश, ब्लाक इंचार्ज वार्डर सूबे सिंह, ब्लॉक इंचार्ज वार्डर सुरेन्द्र, ब्लॉक इंचार्ज वार्डर अजंनी, ब्लाक इंचार्ज वार्डर दिलबाग सिंह, ब्लाक इंचार्ज वार्डर माडू राम व मौके पर मौजूद अन्य गार्द द्वारा दोनों गुटों के कैदियों को मुश्किल से अलग अलग किया। 

जान भी जाने का बन गया था खतरा 
जेल अधीक्षक ने बताया कि इन दोनों गुटों के कैदियों में झगड़ा इतना बढ़ गया था कि उसमें किसी की जान भी जा सकती थी। उन्होंने बताया कि इस झगड़े में कैदी सुमित व मोनू को अधिक चोटें आई। इसलिए जेल चिकित्सा अधिकारी द्वारा इन दोनों कैदियों को प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल में रैफर कर दिया। जेल अधीक्षक की इस शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है कि आखिर इस झगड़े का कारण क्या था और इसकी शुरूआत किसने की। 

Deepak Paul