संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्तसुरक्षा प्रबंध के आदेश

12/15/2018 9:35:33 AM

चंडीगढ़(पांडेय): हरियाणा के 5 नगर निगमों सहित 2 नगर पालिकाओं में रविवार को मतदान निष्पक्ष और शांति पूर्वक करवाने के लिए सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा प्रबंधों को लेकर डी.जी.पी. बी.एस. संधू ने पांचों जिलों के रेंज ए.डी.जी.पी. और आई.जी. के अलावा पुलिस अधीक्षकों से फोन पर सुरक्षा-व्यवस्था का फीडबैक लिया। संधू ने बताया कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद है। संबंधित रेंज ए.डी.जी.पी. / आई.जी. और जिला पुलिस अधीक्षकों को प्रशासन की मदद से शांतिपूर्ण मतदान के लिए पर्याप्त पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि करनाल, पानीपत, रोहतक, हिसार और यमुनानगर नगर निगमों में मेयर व वार्ड सदस्यों सहित कैथल के पूंडरी व फतेहाबाद में जाखल मंडी नगर पालिकाओं के लिए 16 दिसम्बर को मतदान होगा। सुरक्षा व्यवस्था बारे जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) मोहम्मद अकील ने बताया कि हमने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। संबंधित शहरों से गुजरने वाले राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर यातायात की सुचारू व्यवस्था के लिए भी निर्देश दिए हैं। शनिवार को फ्लैग मार्च के अलावा नाकाबंदी, गश्त और चैकिंग को भी बढ़ाया जा रहा है। शहरों को सैक्टर में विभाजित किया गया है और पुलिस पार्टियों के साथ ड्यूटी मैजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।

Rakhi Yadav