जेठ ने की बहू की इज्जत तार-तार

9/30/2015 11:23:32 PM

फरीदाबाद, (रजत) : गांव जखोपुर में रहने वाली एक महिला को घर में अकेला देख उसका जेठ अंदर घुस आया। आरोपी ने आते ही उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ बलात्कार कर दिया। पीड़िता ने घटना के बारे में पति और अन्य ससुराल वालों को बताया तो वे उसके जेठ का पक्ष लेने लगे। 

पीड़िता का आरोप है कि ससुराल वाले उसे दहेज की मांग को लेकर भी परेशान कर रहे हैं। पीड़िता के बयान पर महिला थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बलात्कार और अन्य धाराओंं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक मेवात में रहने वाले एक महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसका विवाह मई 2013 में यहां के गांव जखोपुर में रहने वाले आरिफ के साथ हुआ था। विवाह के दौरान उसके मायके वालों ने काफी कुछ दिया था। लेकिन उसके ससुराल वाले खुश नहीं थे। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वालों ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया था। घर बसाने के लिए वह सहन करती रही। बात न बनते देख ससुराल वाले आए दिन किसी ने किसी काम को लेकर उसके साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान उसके मायके वालों ने कई मांगों को पूरा भी किया, लेकिन ससुराल वालों ने अत्याचार करने बंद नहीं किए। कुछ समय पहले एक दिन वह घर में अकेली थी। उसी दौरान उसका जेठ इरफान उसके कमरे में घुस आया। इरफान ने आते ही उसे दबोच लिया और अश्लील हरकतें करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी देकर चुप करवा दिया। जिसके बाद आरोपी ने उसे अपनी हवस का शिकार बना लिया। बाद में उसने इस बारे में अपने पति व अन्य लोगों को बताई तो वे उल्टा उसे ही बुरा भला कहने लगे। विरोध करने पर उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। पीड़िता के बयान पर पुलिस ने उसके पति आरिफ, जेठ इरफान और अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।