शादी की नीयत से लड़की को किया अगवा

10/4/2015 10:09:04 AM

फरीदाबाद (रजत): मेवला महाराजपुर इलाके में रहने वाला एक युवक अपने पड़ौस में रहने वाली एक नाबालिग लड़की को शादी करने की नीयत से अगवा कर फरार हो गया। लड़की के परिजनों की शिकायत पर थाना एन.आई.टी. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक मेवला महाराजपुर में रहने वाली एक महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह यहां परिवार के साथ रहती है। उसका पति मेहनत मजदूरी करने का काम करता है। जबकि उसकी 17 साल की बेटी एक स्कूल में पढ़ रही है। अन्य दिनों की तरह वीरवार की दोपहर को भी उसकी बेटी स्कूल से लौट आई थी। शाम करीब 4 बजे वह किसी काम से घर से निकली थी। लेकिन इसके बाद वह लौट कर नहीं आई। पता चलते ही उसने बेटी की तलाश शुरू कर दी।

वह देर रात तक उसकी तलाश में जुटी रही। इस दौरान उसने अपने जानकारों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर ली। लेकिन काफी प्रयासों के बाद भी सुराग नहीं लगा। अगले दिन तलाश के दौरान उसे पता चला कि उसकी बेटी को पड़ौस में रहने वाले राजा के साथ देखा गया है। राजा के घर जाने पर पता चला कि वह भी उसी समय से गायब है। जिसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दे दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।