बीटेक के छात्र की रहस्यमय मौत

11/25/2015 7:08:47 PM

फरीदाबाद,(ब्यूरो) : धौज गांव में किराए पर रहने वाला एक युवक अपने कमरे में बुधवार सुबह बुरी तरह कराह रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे अस्पताल में दाखिल करा दिया,लेकिन कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। वह इसी इलाके के एक कॉलेज में बीटेक का छात्र था। उसकी मृत्यु के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल भेज दिया है। 

जानकारी के मुताबिक मूलरूप से बिहार के सीवान जिले का रहने वाला मोहम्मद तालिम अनवर यहां के धौज गांव में किराए का कमरा लेकर अकेला रहता था। वह इसी इलाके में स्थित एक निजी तकनीकी कॉलेज से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। अन्य दिनों की तरह मंगलवार की शाम को भी तालीम कॉलेज से छुट्टी मिलने के बाद कमरे में लौट आया था। रात को खाना खाकर वह सो गया। सुबह वह काफी देर बाद भी कमरे से बाहर नहीं निकला तो आसपास रहने वाले लोगों को संदेह हो गया। उन्होंने वहां जाकर देखा तो तालीम के कमरे से उसकी करहाने की आवाज आ रही थी। पड़ोसियों ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने मौके पर आकर देखा तो कमरा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजे को तोड़ कर उसे बाहर निकाल और अस्पताल में दाखिल करवा दिया। जहां कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। उसकी मृत्यु के कारणों का पता नहीं चल पाया है। 

पुलिस ने शव को मोरचरी में रखवाने के बाद उसके परिजनों को सूचना भेज दी है। उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।