4 लाख से अधिक मकान, 1.80 लाख पानी के कनेक्शन ही वैध

7/20/2019 10:50:52 AM

फरीदाबाद (दीपक पांडेय): अवैध कनेक्शन लेकर पानी प्रयोग करने वाले लोगों के खिलाफ नगर निगम की तरफ से बड़ा अभियान चलाया जाएगा। शहर में चार लाख से अधिक मकान है। लेकिन 1.80 लाख पानी के कनेक्शन ही वैध है। ऐसे में कई लोग अवैध कनेक्शन लेकर पानी बेच रहे हैं। अभियान शहर के सभी 40 वार्डों में चलाया जाएगा। संबंधित वार्डों के जेई और एसडीओ कनेक्शनों को चेक करेंगे। जिनके कनेक्शन वैध नहीं पाए जाएंगे उनको मौके पर ही काट दिया जाएगा।

निगम प्रशासन का मानना है कि जो शहरवासी पानी का शुल्क जमा कर रहे हैं उन्हें प्रॉपर पानी मिल नहीं पा रहा है। जो पैसा जमा नहीं कर रहे वह फ्री में निगम का पानी ले रहे हैं। प्रशासन का ये भी कहना है कि शहर में करीब एक लाख हाउस होल्ड हैं जिनके पास पानी का कनेक्शन नहीं है। लेकिन वह अवैध रूप से पानी ले रहे हैं। निगम कब तक ये भार सहता रहेगा। फ्री में पानी लेने वाले रोज निगम आकर मटका फोड़ते हैं और नारेबाजी करते हैं।

निगम आयुक्त अनीता यादव ने अधिकािरयों के साथ बैठक कर अवैध कनेक्शनों के खिलाफ अभियान चलाने का आदेश दिया है। पूरे शहर में घरों की संख्या चार लाख से अधिक है। लेकिन निगम के रिकार्ड में महज 1.80 लाख पानी के कनेक्शन वैध हैं। निगम अधिकारियों के मुताबिक अभी भी एक लाख से अधिक पानी के अवैध कनेक्शन चल रहे हैं। यही कारण है कि पानी शुल्क जमा करने वालों को पानी नहीं मिल पा रहा है। निगम आयुक्त ने ये भी कहा है कि जब नगर निगम लोगों को पानी उपलब्ध नहीं करा पाता तभी पानी माफिया पनपते हैं। वह हमारा ही पानी लेकर बेचने का काम करते हैं। सभी जेई और एसडीओ अपने अपने क्ष्ेत्रों में इस बात पर भी नजर रखें कि कौन पानी माफिया कहां से पानी भरकर बेच रहा है। 

Edited By

Naveen Dalal