दहेज की बली चढ़ी एक और विवाहिता फंदे से झूली

11/11/2017 2:29:21 PM

फरीदाबाद(सूरजमल): गांव खोरी में रहने वाली एक विवाहिता की रहस्यमय हालत में फांसी का फंदा लगने से मौत हो गई। मृतका के पिता का आरोप है कि ससुराल वाले काफी समय से दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने के कारण वे उसकी बेटी को प्रताडि़त कर रहे थे। उसकी बेटी ने खुद फांसी नहीं लगाई बल्कि ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न कर पाने के कारण उसकी फंदे से लटका कर हत्या की है। थाना सूरजकुंड पुलिस ने आरोपी ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। 

पुलिस के मुताबिक उत्तरप्रदेश के कन्नौज जिले में रहने वाले संतोष कुमार ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा है कि उसने अपनी 21 वर्षीया बेटी आरती उर्फ नीतू का विवाह यहां के गांव खोरी में रहने वाले विकास के साथ किया था। विवाह के दौरान उसने अपनी हैसियत से बढ़ कर दान दहेज दिया था। लेकिन इसके बावजूद ससुराल वाले आरती को लगातार परेशान कर रहे थे। वे दहेज की मांग को लेकर आरती को बुरी तरह प्रताडि़त कर रहे थे। उसने मांग पूरी करने में असमर्थता जताते हुए ससुराल वालों को कई बार समझाने का प्रयास किया। लेकिन ससुराल वालों के व्यवहार में जरा भी परिवर्तन नहीं आया। बुधवार को ससुराल वालों ने उसे फोन कर सूचना दी कि आरती ने फांसी का फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। 

सूचना मिलने के बाद वह अगले दिन यहां पहुंच गया। पीड़ित व्यक्ति का आरोप है कि आरती ने खुद आत्महत्या नहीं की है। ससुराल वालों ने दहेज के लिए उसकी फांसी के फंदे से लटका कर उसकी हत्या की है। शव का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मृतका के पति विकास, ससुर रघुवीर और सास सुनीता के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।गौरतलब है कि शहर में ऐसे मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं जबकि पुलिस मामले में कार्रवाई भी करती है। एक तरफ जहां सरकार बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओ को नारा देती है वहीं दूसरी तरफ दहेज के लिए ऐसे हत्या की जा रही है।