फरीदाबाद, गुड़गांव में परिवहन ढांचा विकास की योजना

4/12/2016 10:57:27 AM

गुडग़ांव: हरियाणा सरकार राज्य के दो प्रमुख शहरों फरीदाबाद और गुड़गांव में आधुनिक त्वरित परिवहन ढांचा विकसित करने की योजना बना रही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने फरीदाबाद एन.आई.टी विधानसभा क्षेत्र की डबुआ कॉलोनी स्थित नई सब्जी मंडी में आयोजित विकास रैली को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। 

 

रैली की अध्यक्षता केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने की। इस दौरान मुख्य संसदीय सचिव श्रीमती सीमा त्रिखा भी उपस्थित थी।  खट्टर ने इस मौके पर पलवल जिले के दूधौला गांव में राज्य का पहला कौशल विकास विश्वविद्यालय खोलने , फरीदाबाद को गुडग़ांव से मेट्रो लिंक के जरिए जोडऩे के प्रस्ताव को मंजूरी देने, फरीदाबाद में सिटी बस सेवा तथा यमुना पर पुल बनाकर नोएडा के लिए सीधी सड़क बनाने की घोषणाएं कर क्षेत्रों को विकास की करोड़ों रुपए की परियोजनाओं का तोहफा दिया।   

 

मुख्यमंत्री ने नवरात्रों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य की स्थापना के स्वर्ण जयंती वर्ष में प्रदेश के नवनिर्माण के लिए अनूठे कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इसके अंतर्गत 28 स्वर्ण जयंती योजनाएं लागू की जाएंगी। 

 

उन्होंने कहा कि दशकों से पिछली सरकारों की नीतियों के चलते यहां का औद्योगिक विकास ठप्प हो गया था लेकिन फरीदाबाद शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के निर्णय से लोगों में नई आशा का संचार हुआ है तथा बदरपुर-फरीदाबाद मेट्रो  लिंक के शुरू होने से फरीदाबाद में आर्थिक गतिविधियों और व्यापार को नई दिशा मिली है।