सौतले पिता बना हैवान, 2 साल की बच्ची के साथ किया दुष्कर्म, मौत

11/25/2017 4:46:36 PM

फरीदाबाद(सूरजमल):सराय ख्वाजा इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति ने दो साल की सौतली बेटी के साथ बलात्कार कर दिया। हालत खराब होने पर आरोपी ने फोन कर बच्ची की मां को बुला लिया। बच्ची को दिल्ली के अस्पताल में ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। डाक्टरों का कहना था कि बच्ची से बलात्कार किए जाने के कारण ही उसकी मौत हुई है। बच्ची की मां की शिकायत पर थाना सराय ख्वाजा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और बलात्कार का मामला दर्ज कर लिया है। 

पुलिस के मुताबिक सराय ख्वाजा निवासी एक महिला ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा है कि उसका विवाह वर्ष 2008 में जीत कुमार नामक व्यक्ति के साथ हुआ था। विवाह के बाद उसने तीन बच्चों को जन्म दिया। जिनमें आठ साल का बेटा व चार और दो साल की दो बेटियां शामिल है। करीब डेढ़ साल पहले उसके पति का देहांत हो गया। जिसके कुछ समय बाद उसने रवि गुप्ता नामक व्यक्ति के साथ प्रेम विवाह कर लिया। वह बच्चों के पालन पोषण के लिए एक वर्कशॉप में काम करती है। सुबह वह अपने काम पर और बेटा स्कूल चला गया था। घर में उसका पति रवि गुप्ता दोनों बेटियों के साथ था। दोपहर करीब डेढ़ बजे उसने रवि को फोन कर बेटियों के बारे में पूछा तो उसने बताया कि दोनों उसके पास सो रही हैं। दोपहर ढ़ाई बजे रवि ने फोन कर पूछा कि वह कब तक लौटेगी। जिस पर उसने शाम पांच बजे लौटने की बात कह कर फोन काट दिया।

दोपहर साढ़े तीन बजे रवि ने फोन कर बताया कि छोटी बेटी की तबीयत ज्यादा खराब है।उसने पति से सख्ती से पूछा तो उसने बताया कि बच्ची के मुंह व नाक से मल निकल रहा है। जिसके बाद वह तुरंत घर पहुंची तो उसने देखा कि बच्ची ठंडी पड़ी थी। तुरंत एक निजी डाक्टर से जांच करवाई तो उसने अस्पताल ले जाने की सलाह दी। वह रवि के साथ बच्ची को दिल्ली के कलावती अस्पताल ले गई। जहां जांच के बाद डाक्टर ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। डाक्टर ने बताया कि बलात्कार किए जाने के कारण बच्ची की मौत हुई है। पीड़िता का आरोप है कि घर में दोनों बेटियों के साथ रवि गुप्ता के अलावा अन्य कोई नहीं था। इसलिए रवि गुप्ता ने इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।