अब कैदी फिंगरप्रिंट से जान सकेंगे सजा की जानकारी

10/3/2017 11:01:13 AM

फरीदाबाद (पंकेस): फरीदाबाद स्थित जिला जेल नीमका में बंद कैदियों के लिए एक अच्छी खबर है। अब वह अपनी सजा की पूरी जानकारी बस अपने अंगूठे केे निशान से ही पलभर में जान सकेंगे। इस बाबत सोमवार को जिला जेल नीमिका में कैदियों की डिटेल अपलोडेड़ एक कियोस्क लगाई गई है। इस मशीन का उद्घाटन सोमवार को विधायक मूलचंद शर्मा ने किया। इस मौके पर जेल अधीक्षक अनिल कुमार सहित जेल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे। जेल अधिकारियों की मानें तो इस मशीन के लग जाने से न केवल कैदियों को सुविधा होगी, बल्कि इस मशीन से जेल प्रशासन को भी कैदियों के डिटेल खंगालने में आसानी होगी।

सोमवार को कियोस्क की शुरुआत के दौरान विधायक मूलचंद शर्मा ने कहा कि जेल में बंद कैदी की एक अपनी दुनिया होती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जेल प्रशासन पर रहती है। इसीलिए हरियाणा सरकार कैदियों की सहूलियत को लेकर सजग है। अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि फरीदाबाद जेल में बंद 2300 कैदियों का रिकॉर्ड इस मशीन में दर्ज किया है। किसी भी कैदी की उसके हाथ के अंगूठे का निशान लगाकर उसकी सजा और केस से संबंधित सभी जानकारी पल भर में उसके सामने आ जाएगी। इस मशीन के लगने से जेल प्रशासन को भी फायदा मिलेगा।

कैदी की क्राइम हिस्ट्री की जानकारियां मशीन में दर्ज होने से चंद मिनटों में ही पूरी जानकारी उनके पास उपलब्ध होगी। समय की बचत के साथ साथ ही मशीन का फायदा कैदियों के मुकदमों को निपाटने में मिलेगा। नीमका जेल में नई कियोस्क लगने के बाद कैदियों को उम्मीद है कि उनको अब अपना रिकॉर्ड जानने में मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी। वहीं जेल के कर्मचारियों का भी मानना है कि उनपर काम का बोझ कम होगा। अस अवसर पर विधायक मूलचंद शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार की योजना है कि जेलों की हालत में सुधार किया जाए। कैदियों के लिए बेहतर सुविधाएं मुहैया कराना उनकी प्राथमिकता में है।