समाजसेवा की मिसाल बना गुरुद्वारा सिंह सभा, प्रतिदिन 30 हजार लोगों को दिया जा रहा भोजन

4/4/2020 10:46:07 AM

फरीदाबाद (महावीर गोयल) : कोरोना के कारण चल रहे लॉकडाउन में जरूरमंद लोगों के लिए भोजन बनाने में सैक्टरर-15 स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा ने एक मिसाल कायम की है। इस गुरुद्वारे से प्रतिदिन लगभग 30 हजार लोगों के लिए भोजन तैयार हो रहा है। यह भोजन तैयार करके जिला प्रशासन को दिया जाता है और जिला प्रशासन रैड क्रास की देखरेख में इसका वितरण करवा रहा है। इतने बड़े स्तर पर एक गुरुद्वारे द्वारा की जा रही भोजन की सेवा लोगों के लिए प्रेरणा का स्त्रोत बन गई है।

अब अनेक लोग इस सेवा में हिस्सेदार बन रहे हैं। कोरोना के कारण हुए लॉक डाउन से जिले में हजारों दिहाड़ी मजदूरों व असहाय लोगों के लिए भोजन एक बड़ी परेशानी बन गया था। इस समस्या को दूर करने के लिए सैक्टर-15 स्थित गुरुद्वारा सिख सभा ने शुरुआत करते हुए गरीब लोगों के लिए भोजन बनाना शुरु किया। अब लगभग 30 हजार लोगों के लिए प्रतिदिन भोजन तैयार किया जा रहा है। जिस पर अनुमानत: 6 लाख रुपए प्रतिदिन खर्चा आ रहा है। यह भोजन बकायदा पैकिंग में पहुंचाया जा रहा है। 

हाईजीन पर विशेष जोर :
गुरुद्वारा सिंह सभा सैक्टर-15 के उपप्रधान अमरजीत सिंह ने बताया कि गुरुद्वारे में प्रवेश से लेकर खाना बनाने व पैकिंग कर लोड करने तक की सारी प्रक्रिया में हाईजीन का विशेष रूप से ध्यान रखा जा रहा है। साफ-सफाई का दौर लगातार जारी रहता है। इसके अलावा बार-बार पैकिंग कर रहे लोगों के भी हाथ धुलवाए जाते हैं तथा मास्क व दस्तानों का प्रयोग किया जाता है। इसके अलावा सेवादारों को भी बिना टैंपरेचर जांच, मास्क व गलब्स के बिना प्रवेश की अनुमति नहीं है। 

Isha