Pics: सबक सिखाने की खातिर पशु तस्करों को खिलाया जबरन गोबर, वीडियो वायरल

6/28/2016 2:59:42 PM

फरीदाबाद (अनिल राठी): गौ रक्षकों का एक वीडियो के माध्यम से अमानवीय चेहरा सामने आया है, जिसमें 2 पशु तस्करों को गाय का गोबर खिलाया जा रहा है। 

 

जी हां ये सच है। दिल्ली हरियाणा बॉर्डर पर कुछ ऐसी ही हरकत सामने आई है, जहां 2 पशु तस्करों को पहले पीटा गया और उसके बाद उन्हें सजा के तौर पर गोबर खिलाया गया। इतना ही नहीं कार्यकर्ताओं ने इस अमानवीय कृत्य को अपने फोन में भी कैद किया। उनकी वीडियो बनाई जो अब सार्वजनिक तौर पर वायरल हो चुकी है, जिसमें इंसानियत को शर्मसार कर दिया है।

उसके बाद दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

 

फरीदाबाद सैक्टर-37 थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि 10 जून को गौ रक्षक दल के कार्यकर्ताओं ने एक गाड़ी का पीछा किया, जिसमें पशु का मांस भरा हुआ था, जिससे दोनों पशु तस्कर रिजवान और मुख्तियार को उन्होंने पकड लिया और उनके साथ मारपीट की। 

 

गौ रक्षक दल ने दोनों आरोपियों को बिलासपुर पुलिस को सौंप दिया। मामला फरीदाबाद से जुड़ा होने के कारण बिलासपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों को फरीदाबाद पुलिस के हवाले कर दिया,  जिन्हें पुलिस ने कोर्ट में पेश कर सजा करवाई। अभी भी दोनों आरोपी न्यायालय संबंधी सजा काट रहे हैंं। 

 

वहीं हाल ही में वायरल हुई वीडियो के बारे में थाना प्रभारी अनिल कुमार से पूछा गया तो उन्होंने वीडियो की कुछ भी जानकारी न होने से साफ-साफ मना कर दिया। उनका कहना है कि उन्हें इस वीडियो के बारे में कुछ भी पता नहीं हैं और न ही इस अमानवीय कृत्य के बारे में आरोपियों ने कुछ बताया था। उन्हें तो पत्रकारों के द्वारा ही जानकारी मिली है, जिसकी अब वो जांच करेंगे।