सनकी पति ने पत्नी को सुनाया डायलॉग ...और चेहरे पर फेंक दिया तेजाब (Watch Pics)

9/22/2016 2:25:06 PM

फरीदाबाद (अनिल राठी): पिछले डेढ़ साल से पति से अलग रह रही पत्नी के ऊपर पति ने उस वक्त तेजाब की भरी हुई बोतल उड़ेल दी जब पत्नी सुबह 8 बजे ड्यूृटी पर जा रही थी। पीड़िता अपनी मां के साथ रह कर कोठियोंं में काम करके अपना जीवन यापन कर रही थी। अब पिछले 4 महीने से पीड़िता का पति उसका पीछा कर फिर से साथ में रहने के लिए परेशान कर रहा था। जिस पर पत्नी ने साफ-साफ मना कर दिया था। गुस्साए सिरफिरे पति ने अपनी ही पत्नी पर ये कहते हुए तेजाब डाल दिया कि तू अगर मेरी नहीं हो सकती तो मैं तुझे किसे के लायक नहीं छोडूंगा। 

 

दरअसल मामला फरीदाबाद के सैक्टर 11 का है जहां आज सुबह करीब 8 बजे ड्यूटी पर जा रही लगभग 36 बर्षीय महिला रितु पर उसी के पति ने तेजाब डाल दिया। तेजाब से पीड़ित महिला के चिल्लाने के बाद आस-पास के लोगों ने महिला के ऊपर पानी डाला और आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां अब पीड़िता को खतरे से बाहर बताया जा रहा है। 

 

इस पूरी घटना के बारे में पीडिता रितु ने बताया कि 2 साल पहले उसने गांव मुजेसर के रहने वाले नीरज से मंदिर में शादी की थी। शादी के 6 माह तक सब कुछ ठीक चल रहा था। उसे कुछ परेशानी होने के कारण बच्चे नहीं हो रहे थे। बस इसी कारण से उसके ससुराल वालों ने पति से कह कर उसे घर बाहर निकाल दिया। वो पिछले डेढ साल से अपनी मां के साथ सैक्टर 11 में रह रही है, और आस-पास की कोठियों में बाई का काम कर अपना जीवन यापन कर रही है। पिछले करीब 4 माह से उसके पति ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया और फिर से साथ में रहने का दबाब बनाने लगा। जिस पर पीड़िता रितु ने साथ में रहने के लिए साफ-साफ मना कर दिया। बस इसी से गुस्सा होकर उसने आज सुबह उसके ऊपर तेजाब से भरी हुई पूरी बोतल डाल दी। पीड़िता ने जैसे तैसे अपना मुंह तो बचा लिया मगर शरीर को न बचा पाई और तेजाब महिला की पीठ और छाती पर फैल गया। पीड़िता की मांग है आरोपी पति और उसके परिजनों ने उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी है, कानून उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दे।

 

पीड़िता रितु की मां का कहना है कि आरोपी नीरज ने उसकी बेटी के साथ मंदिर में शादी करने के बाद उसके 2 बार छोड दिया है। अब जब उसकी बेटी अपना काम काज कर के अपना पेट पाल रही है तो फिर से उसे साथ में रहने के लिए कह रहा है। मना करने पर आरोपी नीरज ने उसकी बेटी पर तेजाब फैंक दिया है। उन्होंने बताया कि नीरज आवारा किस्म का व्यक्ति है कोई भी काम काज नहीं करता है। उसका बस एक ही पेशा है लड़कियों को फंसाना और उनसे शादी कर उन्हें धोखा देना। इसलिए वह कानून से न्याय की मांग कर रहे हैं।

 

पूरे मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी दर्शन लाल की मानें तो जैसे उन्हें किसी महिला के ऊपर तेजाब फैंकने की सूचना मिली तो वो सिविल अस्पताल पहुंचे और पीड़िता के बयान दर्ज किए। पुलिस ने कहा कि आरोपी नीरज के खिलाफ मामला दर्ज कर एक टीम आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए भेज दी है और दूसरी टीम पूरे मामले की जांच में जुट गई है।