Net banking के जरिए मृतक के खाते से उड़ाए लाखों रुपए

10/22/2016 11:29:33 AM

फरीदाबाद (अनिल राठी): नेट बैंकिंग के जरिए एक गिरोह के सदस्यों ने मृतक व्यक्ति के खाते करीब 43 लाख रुपए निकाल लिए। मामले का पता चलते ही मृतक के पुत्र ने इसकी शिकायत पुलिस आयुक्त से की। जांच पड़ताल करते हुए पुलिस की साइबर सेल ने इस मामले को सुलझाते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

 

इस मामले में संलिप्त 2 अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। ए.सी.पी. क्राईम राजेश कुमार चेची ने पत्रकार वार्ता आयोजित कर इस बात की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक सराय ख्वाजा में रहने वाले वेदप्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उनके पिता श्रीचंद की वर्ष 2013 में मृत्यु हो चुकी है। उनके पिता का सराय ख्वाजा स्थित ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स की शाखा में खाता था। उनके खाते में 43 लाख रुपए जमा थे। उनके पिता ने अपने बैंक खाते में कभी भी ए.टी.एम. और नेट बैंकिंग की सुविधा नहीं ली हुई थी। वेदप्रकाश का कहना है कि पिछले दिनों वे अपने पिता के खाते की जानकारी लेने के लिए बैंक गए होश उड़ गए। पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने खाते से 42 लाख 90 हजार रुपए नेट बैंकिंग के जरिए निकाल लिए है। जिसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस आयुक्त कार्यालय को दे दी। इस बारें में पुलिस आयुक्त ने मामले की जांच साइबर सेल को सौंपी थी।
 

जांच में पता कि आरोपियों ने नेट बैंकिंग के जरिए मृतक श्रीचंद के खाते से यह रकम निकाली है। आरोपियों ने नेट बैंकिंग की सुविधा हासिल करने के लिए मृतक के फर्जी हस्ताक्षर कर बैंक में फार्म जमा करवाया था। एस.एम.एस. अलर्ट के लिए आरोपी ने अपना मोबाइल नंबर फार्म में लिखा था। मामले का खुलासा होने के बाद बृहस्पतिवार देर शाम को थाना सराय ख्वाजा पुलिस ने आरोपी संजय कॉलोनी निवासी विनय वीर सिंह, सैक्टर-7 निवासी हेमंत आर्य व भारत भूषण और सैक्टर 23 निवासी प्रेम और विनोद के खिलाफ मामले दर्ज कर लिया। 

 

इस मामले में लिप्त विनय वीर सिंह, हेमंत आर्य और भारत भूषण को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरे मामले का पता लगाने के लिए इन्हें अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। इस मामले में प्रेम और विनोद नामक आरोपियों की भी संलिप्तता पाई गई। इन दोनों की तलाश की जा रही है।