गांवों में 12 घंटे बिजली आपूर्ति, आदेशों का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

10/6/2016 2:52:26 PM

फरीदाबाद (सूरजमल): गांवों में बिजली आपूर्ति करने वाले रूरल डोमेस्टिक फीडरों को 12 घंटे बिजली आपूर्ति करनी होगी। इसे लेकर यू.एच.बी.वी.एन.एल. पंचकूला के एस.ई. सिस्टम आपॅरेशन ने आदेश जारी किए हैं और इन आदेशों की सख्ती से अनुपालना के भी आदेश दिए हैं और यदि कोई सब स्टेशन इन आदेशों का उल्लंघन करता है, तो कार्रवाई भी की जा सकती है।

 

इसके अलावा यह भी सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं कि प्रत्येक रूरल डोमेस्टिक फीडरों द्वारा 12 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है। इसमें म्हारा गांव जगमग गांव योजना वाले फीडरों को शामिल नहीं किया गया। उल्लेखनीय है म्हारा गांव जगमग गांव योजना के तहत शहर के 8 फीडरों द्वारा 15 से 18 घंटे गांवों को बिजली सप्लाई दी जा रही है। इसके चलते वह गांव उपेक्षाओं का शिकार हो रहे हैं, जिन्हें 18 घंटे बिजली आपूर्ति नहीं की जा रही है। इन रूरल डोमेस्टिक फीडरों द्वारा गांवों में 8 से 10 घंटे ही बिजली सप्लाई दी जा रही है। इसके चलते यहां के ग्रामीणों को काफी परेशानी करनी पड़ रही है। ग्रामीणों को 12 घंटे बिजली सप्लाई मुहैया कराने के लिए यू.एच.बी.वी.एन.एल. पंचकूला के एस.ई. सिस्टम ऑपरेशन ने सभी यू.एच.बी.वी.एन. के अधीनस्थ सभी एस.ई. को आदेश दिए जारी किए हैं। इसके अलावा बिजली सप्लाई करने के बारे में लेटर भी जारी किया है। जारी किए गए लेटर के अनुसार सुबह के समय सात घंटे और शाम को तीन घंटे बिजली आपूर्ति देनी होगी। इसके अलावा दोपहर के समय दो घंटे बिजली देनी होगी।

 

इस संबंध में आदेश प्राप्त हो चुके हैं। इसके अलावा सभी फीडरों को यह आदेश फॉरवर्ड कर दिए गए हैं। इन आदेशों को एक अक्टूबर से लागू भी कर दिया गया है। इसके अलावा हमारे यहां पहले से ही 12 घंटे बिजली आपूर्ति जारी है।