घर लौट रहे युवक का रास्ता रोक तोड़े हाथ-पैर

10/23/2016 9:32:42 AM

फरीदाबाद (सूरजमल): अज्ञात लोगों ने सेक्टर 24 के निकट काम से घर लौट रहे आजाद नगर निवासी एक युवक को रोक लिया।

आरोपियों ने पीट पीट कर युवक के दोनों हाथ और एक पैर तोड़ दिया। मारपीट के दौरान हमलावर उस पर किसी युवती से छेड़छाड़ का आरोप लगा रहे थे। घायल युवक ने अपने पूर्व मालिक पर हमला करने का आरोप लगाया है। युवक को अस्पताल में दाखिल कराया गया है। शुक्रवार को आजाद नगर लोगों ने इकट्ठे होकर मुजेसर थाने पहुंचे। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया। 

पुलिस के मुताबिक आजाद नगर निवासी विरेन्द्र ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा है कि उन्होंने कुछ समय पहले सैक्टर 24 स्थित एक कंपनी में काम छोड़ने के बाद दूसरी कंपनी में काम करना शुरू कर दिया था। इस बात को लेकर पूर्व कंपनी मालिक उनसे नाराज था। शुक्रवार की शाम को वह काम से घर लौट रहे थे। तभी आजाद नगर के पास 3 अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया। तीनों ने आते ही लाठी डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। आरोपियों ने उनके दोनों हाथ और पैर तोड़ दिए और मौके से फरार हो गए। उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। 

विरेन्द्र का आरोप है कि हमलावर मारपीट के दौरान उन पर किसी युवती से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा रहे थे। जबकि वह न तो हमलावरों को पहचानते है और न ही उन्होंने कभी ऐसी हरकत की है। विरेन्द्र ने अपने पूर्व कंपनी मालिक पर हमला करवाने का संदेह जताया है। मामले को लेकर शुक्रवार को आजाद नगर के अनेक लोग मुजेसर थाने पहुंचे। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया।