सभी केन्द्रीय विश्वविद्यालयों में 207 फुट ऊंचे खंभे पर फहराएगा तिरंगा

2/19/2016 10:13:27 AM

फरीदाबाद: केन्द्रीय मानव संसाधन विकास (एचआरडी) मंत्री स्मृति ईरानी की अध्यक्षता में एक बैठक में स्वीकार एक प्रस्ताव में आज कहा गया कि सभी 46 केन्द्रीय विश्वविद्यालय ‘‘मजबूत भारत’’ दिखाने के लिए अपने परिसरों में ‘‘शान और गर्व के साथ’’ 207 फुट उंचे खंभे पर तिरंगा फहराएंगे और सबसे पहले इसे जवाहर लाल नेहरू (जे.एन.यू) विश्वविद्यालय में लगाया जाएगा। 

स्मृति की केन्द्रीय विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ बैठक में पारित प्रस्ताव में कहा गया, ‘‘हर विश्वविद्यालय में किसी केन्द्रीय स्थल पर राष्ट्रीय ध्वज शान और गर्व के साथ फहराया जाएगा।’’ 

इस कदम पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और कहा कि राष्ट्रवाद का मतलब झंडा फहराना और वंदेमातरम गाना नहीं होता है और यह संविधान में हमारे भरोसे में झलकना चाहिए। माकपा नेता बृंदा करात ने भी इस फैसले के लिए सरकार की निंदा की।  

यह फैसला एेसे समय किया गया है जब जे.एन.यू परिसर में भारत विरोधी नारेबाजी वाले एक कार्यक्रम में कथित रूप से उपस्थित होने पर देशद्रोह के आरोपों का सामना कर रहे जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार की गिरफ्तारी को लेकर विवाद चल रहा है। सरकार को इस मुद्दे पर विपक्ष की आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है, आज का कदम इस पर आक्रामक रूख अपनाने की प्रतिबद्धता दिखाता है।

एच.आर.डी मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा कि दो सौ सात फुट उंचे खंभे पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का प्रस्ताव स्मृति ने पेश किया और सभी 46 कुलपतियों ने सर्वसम्मति से इसे मंजूरी दी। उन्होंने इस तरह का पहला झंडा जे.एन.यू में फहराने का प्रस्ताव भी रखा जिसका भी सभी कुलपतियों ने समर्थन किया।