अवैध रूप से बनाई जा रही फैक्ट्रियों को किया जमींदोज

7/17/2019 10:28:52 AM

फरीदाबाद (सूरजमल): सैक्टर-37 के पास 12/2 प्लाट एरिया में अवैध रूप से बनाई जा रही करीब चार निर्माणधीन फैक्ट्रियों में नगर निगम की टीम द्वारा जेसीबी की मदद से तोडफ़ोड़ की कार्रवाई को अंजाम दिया गया। यह कार्रवाई निगम के ओल्ड जोन के ज्वाइंट कमिश्नर एवं डयूटी मजिस्टे्रट महीपाल सिंह नरवत की मौजूदगी में की गई। इस कार्रवाई का संचालन एक्सईएन ओमवीर सिंह द्वारा किया गया।

तोडफ़ोड़ के दौरान भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में एसडीओ सुशील कुमार, जेई डीके सौंलकी एवं जेई मनीष सहरावत के अलावा निगम का पूरा लाव लश्कर मौजूद था। निगम अधिकारियों के मुताबिक आयुक्त अनीता यादव के पास ऐसी शिकायतें पहुंची थीं कि उक्त प्लाट एरिया में बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण हो रहे हैं। इस शिकायत के आधार पर उपरोक्त कार्रवाई की गई है। इससे पहले भी तत्कालीन निगम आयुक्त समीरपाल सरो ने 12/2 में बड़े पैमाने पर तोडफ़ोड़ की कार्रवाई की थी। 

उस दौरान भी इस तरह की चर्चाओं ने जन्म लिया था। उस समय तोडफ़ोड़ के बाद सरो का फरीदाबाद से तबादला कर दिया गया था। उनके तबादले के बाद फिर से वहां निर्माण कार्य आरंभ कर दिए गए। अब निगम आयुक्त अनीता यादव ने तमाम शिकायतों के चलते वहां तोडफ़ोड़ करवाने का निर्णय लिया। हाल ही में इस कार्रवाई की योजना बनाई गई थी। भारी पुलिस फोर्स के साथ निगम ने मंगलवार सुबह ही 12/2 में धावा बोल दिया। 

निगम प्रशासन के मुताबिक वहां कई फैक्ट्री व निर्माणधीन दुकानों को ध्वस्त किया गया है। तोडफ़ोड़ की बड़ी कार्रवाई 19 जुलाई तक जारी रहेगी।
 

Edited By

Naveen Dalal