पिस्तौल दिखाकर अस्पताल की कर्मचारी व उसकी बहन से की लूटपाट

12/9/2018 1:12:41 PM

 

फरीदाबाद(ब्यूरो): बाइक सवार दो लुटेरे पिस्तौल दिखाकर कार सवार एशियन अस्पताल की कर्मचारी और उनकी बहन से आभूषण लूटकर फरार हो गए। यह घटना पुलिस आयुक्त दफ्तर के नजदीक बडखल पुल-अनखीर चौक सडक की है। एनआईटी थाना पुलिस ने पीडित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस के मुताबिक, एसजीएम नगर निवासी कविता शुक्रवार रात को अपनी बहन जशोदा के साथ कार में सवार होकर सेक्टर-21ए स्थित एशियन अस्पताल से अपने घर जा रहीं थीं। जब वह अस्पताल से निकलने के बाद पुलिस आयुक्त दफ्तर की ट्रैफिक लाइट से अनखीर चौक की ओर थोडा आगे पहुंची तो पीछे से बाइक पर सवार होकर दो युवक आ पहुंचे।

उन्होंने इशारा कर कार को रुकवा लिया। उसके बाद उन्होंने पिस्तौल दिखाकर दोनों बहनों से एक सोने की चेन और मंगलसूत्र लूट लिया। उसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सेक्टर-21डी पुलिस चौकी प्रभारी जगवीर ने बताया कि बदमाशों की धरपकड का प्रयास किया जा रहा है। शिकायकर्ता महिला अस्पताल में कर्मचारी है। वह अपनी बीमार बहन का डॉक्टर से उपचार करवाकर रात करीब 12:15 बजे अपने घर लौट रही थीं।
 

Deepak Paul